नई दिल्ली: भारत को टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के नोएडा में सेमीकंडक्टर मिशन का शुभारंभ किया है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि HCL-Foxconn की यह नई सेमीकंडक्टर फैसिलिटी नोएडा को एक वैश्विक ‘पावरहाउस’ के रूप में स्थापित करेगी।
यह पहल भारत के ग्लोबल चिप इकोसिस्टम में मौजूदगी को मजबूत करने के लिए बेहद अहम मानी जा रही है। प्रधानमंत्री ने इस मौके पर देश के तेज विकास का भी जिक्र किया और कहा कि भारत के पास अब रुकने का समय नहीं है।
यूपी बनेगा टेक्नोलॉजी का नया केंद्र
प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि उत्तर प्रदेश अब भारत के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम का एक बड़ा सेंटर बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि HCL और Foxconn की यह नई फैक्ट्री, एक टेक्नोलॉजी पावरहाउस के रूप में यूपी की नई पहचान को और भी ज्यादा सशक्त करेगी।
“आज भारत Software और Hardware, दोनों पहलुओं पर एक साथ काम कर रहा है। हम सभी के लिए ये गर्व की बात है कि उत्तर प्रदेश भी भारत के Semiconductor Ecosystem का बड़ा सेंटर बनने जा रहा है।”- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
चिप मैन्युफैक्चरिंग में आत्मनिर्भरता का लक्ष्य
पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि भारत का मुख्य लक्ष्य चिप मैन्युफैक्चरिंग में आत्मनिर्भर बनना है। इसके लिए देश में एक मजबूत इकोसिस्टम का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “भारत जैसा लोकतांत्रिक देश, दुनिया का एक भरोसेमंद पार्टनर है। किसी भी वैल्यू चेन में भारत की बढ़ती भागीदारी, उसके लचीलेपन को ही बढ़ाएगी।”
‘मेक इन इंडिया’ की सफलता का नया अध्याय
प्रधानमंत्री ने ‘मेक इन इंडिया’ अभियान की सफलता को याद करते हुए कहा कि कुछ साल पहले जब इस संकल्प को लिया गया था, तो कई लोगों ने शंकाएं जताई थीं। उन्होंने कहा, “लेकिन आज मेक इन इंडिया एक सशक्त ब्रांड बनकर उभरा है। पिछले 11 सालों में भारत ने यह बार-बार दिखाया है कि हम जो ठानते हैं, उसे हासिल करके ही रहते हैं।” यह सेमीकंडक्टर प्लांट इसी संकल्प की एक नई कड़ी है।
उन्होंने हाल ही में दिल्ली में हुए ‘Global AI Impact Summit’ का भी जिक्र किया, जहां दुनिया ने भारत के AI सामर्थ्य को देखा और सराहा। पीएम ने कहा कि देश स्टार्टअप और युवा शक्ति को भी लगातार नई ऊर्जा दे रहा है, जिसका उदाहरण ‘नेशनल स्टार्टअप डे’ जैसे कार्यक्रम हैं।





