Hindi News

दिल्ली AI समिट में कांग्रेस के शर्टलेस प्रदर्शन पर अखिलेश यादव ने की कड़ी निंदा, कहा- देश की गरिमा को पहुंची ठेस

Written by:Gaurav Sharma
Published:
नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शर्टलेस प्रदर्शन की अब विपक्षी दलों ने भी आलोचना शुरू कर दी है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने इसे देश की छवि खराब करने वाला कृत्य बताया है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
दिल्ली AI समिट में कांग्रेस के शर्टलेस प्रदर्शन पर अखिलेश यादव ने की कड़ी निंदा, कहा- देश की गरिमा को पहुंची ठेस

नई दिल्ली: देश की राजधानी में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए शर्टलेस प्रदर्शन पर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बाद अब विपक्षी गठबंधन के सहयोगी दल भी कांग्रेस की इस हरकत की खुलकर निंदा कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने इस प्रदर्शन को वैश्विक मंच पर देश को शर्मसार करने वाला बताया है।

इस बीच, दिल्ली पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि प्रदर्शन के पीछे की पूरी मंशा का पता लगाया जा सके।

अखिलेश बोले- वैश्विक मंच पर ऐसा नहीं करना था

शनिवार को झांसी दौरे पर पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत के दौरान इस मुद्दे पर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कांग्रेस के इस कदम को अनुचित ठहराया।

“हमारे बीच आंतरिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन वैश्विक मंच पर कांग्रेस ने जो किया वह उचित नहीं था। उन्हें ऐसा कुछ भी नहीं करना चाहिए था जिससे विदेशी प्रतिनिधियों और विश्व प्रतिनिधियों के सामने हमारे देश को शर्मिंदगी उठानी पड़े।”- अखिलेश यादव, सपा प्रमुख

अखिलेश ने स्पष्ट किया कि राजनीतिक विरोध के अपने तरीके होते हैं, लेकिन जब देश की प्रतिष्ठा का सवाल हो तो सभी दलों को संयम बरतना चाहिए।

मायावती ने भी की निंदा

इससे पहले, बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए इस घटना की कड़ी निंदा की थी। उन्होंने इसे ‘अति-अशोभनीय’ करार दिया।

मायावती ने लिखा, “नई दिल्ली में आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट’, जिसमें देश व विदेश के भी काफी प्रमुख लोग आमंत्रित थे तथा यह इवेन्ट अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खि़यों में था, इस दौरान जिन भी लोगों द्वारा अर्द्धनग्न होकर अपना रोष प्रकट किया है… वह अति-अशोभनीय व निन्दनीय है।” उन्होंने आगे कहा कि अपने देश की गरिमा और इमेज को नहीं बिगाड़ा जाना चाहिए था।

भाजपा ने साधा गांधी परिवार पर निशाना

इस पूरे मामले पर भाजपा ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा का कहना है कि यह प्रदर्शन सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के इशारे पर जानबूझकर किया गया था। पार्टी ने इसे देश की छवि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खराब करने की एक सोची-समझी साजिश बताया है। फिलहाल, कांग्रेस की ओर से विपक्षी नेताओं की आलोचना पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma
Follow Us :GoogleNews