प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार, 28 अप्रैल 2026 को दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे पर पहुंचे हैं। जहां वे सबसे पहले अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका भव्य स्वागत किया। वहीं पीएम मोदी ने 6,350 करोड़ रुपए की 163 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। इनमें सिग्नेचर ब्रिज और कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल में सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल शामिल हैं। साथ ही दो नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। जिससे यात्रियों की यात्रा और आसान हो जाएगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
इसी बीच, प्रधानमंत्री मोदी को वाराणसी में महिला सम्मेलन कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया गया। इसके बाद पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित कर उपस्थित सभी नेताओं और जनता का आभार जताया। प्रधानमंत्री के इस आयोजन की एक खास बात है। उनके कार्यक्रम की सभी तैयारियों का जिम्मा महिलाओं ने उठाया है। कार्यक्रम में मंच संचालन से लेकर पंडाल प्रबंधन, सुरक्षा और स्वागत तक की जिम्मेदारी महिलाओं को सौंपकर इस आयोजन को विशेष स्वरूप दिया गया है। महिला सम्मेलन के नाम से संचालित हुआ यह कार्यक्रम राजनीतिक और सामाजिक दोनों दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। महिला सम्मेलन के बाद पीएम मोदी ने एक भव्य रोड शो भी किया। इस दौरान हजारों की संख्या में समर्थक एकत्रित हुए।
प्रधानमंत्री मोदी ने सभी महिलाओं का आभार जताते हुए कहा कि यह नगरी माता श्रृंगार गौरी, माता अन्नपूर्णा, माता विशालाक्षी, माता संकट मोचन की शक्ति और मां गंगा की पावन धारा से समृद्ध है। ने काशी की महिलाओं को नमन करते हुए कहा कि आज का यह अवसर नारी शक्ति के वंदन और विकास का उत्सव है।
पीएम मोदी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि घर में महिलाओं को मजबूत बनाने से पूरा परिवार मजबूत होता है। इससे समाज और देश मजबूत होता है। पहले बहनों और बेटियों को बहुत संघर्ष करना पड़ता था। काशी की आप बहनों ने भी बहुत मुश्किलें झेली हैं। बेटियों को अक्सर कई सवालों का सामना करना पड़ता था। आप क्या कर रही हैं? ऐसा करके आपको क्या मिलेगा? आपको इसकी जरूरत क्यों है? और कभी-कभी तो सवाल भी नहीं पूछे जाते थे। बस ऑर्डर दे दिए जाते थे कि यह आपकी क्षमता से बाहर है। देश की ज्यादातर बहनों और बेटियों के साथ ऐसा ही अनुभव रहा है।
प्रधानमंत्री का बेटियों की सुरक्षा पर सख्त संदेश
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने पूरी तरह से हमारी बहनों की सुविधा और सुरक्षा पर ध्यान दिया है। आपने उत्तर प्रदेश में अपनी आंखों के सामने हालात बदलते देखे हैं। कुछ साल पहले तक, जब यहां समाजवादी पार्टी की सरकार थी, तो बेटियों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल था। लेकिन अब, भाजपा सरकार में, बेटियों के खिलाफ गलत सोच रखने वाले किसी भी व्यक्ति को पता है कि इसका क्या नतीजा होगा। भारतीय न्यान संहिता ने बहनों और बेटियों को अपनी सुरक्षा का एक नया भरोसा भी दिया है। इस पहल के तहत, महिलाओं के खिलाफ गंभीर अपराधों में फैसले और तेजी से हो रहे हैं। इसी तरह, महिला पुलिस थानों और काउंसलिंग सेंटरों का नेटवर्क भी लगातार बढ़ रहा है। आज यहां एक नए महिला पुलिस थाने और काउंसलिंग सेंटर की बिल्डिंग पर काम शुरू हुआ है। ऐसे कदम बेटियों की सुरक्षा की गारंटी देते हैं।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ परिवारवादी दल नारी शक्ति के बढ़ते प्रभाव से भयभीत हैं और नहीं चाहते कि महिलाएं बड़ी संख्या में विधानसभा और संसद तक पहुंचें। उन्होंने कहा कि विपक्ष को यह आशंका है कि यदि महिलाएं सक्रिय रूप से राजनीति में आगे बढ़ेंगी, तो उनकी पारंपरिक राजनीति कमजोर पड़ जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की विचारधारा “नारी शक्ति का सम्मान” और “नागरिक देवो भव:” के मूल सिद्धांतों पर आधारित है। पीएम ने महिलाओं से आह्वान किया कि वे देश को विकसित बनाने के अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करें और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर पीएम मोदी ने विपक्ष को घेरा
नारी शक्ति वंदन अधिनियम के संशोधन को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश की नई संसद बनने के पीछे महिलाओं की भागीदारी का विचार एक बड़ा कारण था। जब नई संसद बनी, तो हमारा पहला काम महिलाओं को 33% आरक्षण देना था। 40 साल से ऐसी महिलाओं का यह अधिकार रुका हुआ था। इसीलिए हमने 2023 में संसद में नारी शक्ति वंदन एक्ट पास करवाया। कानून बनने के बाद उसे लागू करना ही होगा। इसीलिए हाल ही में संसद में इस पर चर्चा हुई।
पीएम मोदी ने कहा कि यह संशोधन ऐसा था कि इसके बाद ज्यादा महिलाएं विधानसभा और संसद तक पहुंच पातीं। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, TMC और DMK जैसी पार्टियों ने एक बार फिर देश की महिलाओं के साथ धोखा किया है। इन पार्टियों ने 40 साल तक महिला आरक्षण पर ब्रेक लगाए रखा था। अब समाजवादी पार्टी ने इसे फिर से लाल झंडा दिखाया है। सच तो यह है कि ये सभी परिवारवादी और तुष्टीकरण वाली पार्टियां महिला शक्ति से डरी हुई हैं। वे आप सभी से डरी हुई हैं।
देश के नीति-निर्धारण में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है। वाराणसी में महिला सम्मेलन को संबोधित कर रहा हूं। https://t.co/ibR9RbyYlB
— Narendra Modi (@narendramodi) April 28, 2026





