समाजवादी पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह ने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छांगुर बाबा जैसे मामलों को उठाकर जनता का ध्यान असल मुद्दों से भटका रही है। वीरेंद्र सिंह ने कहा कि छांगुर बाबा का मामला अब कोर्ट में जाएगा, लेकिन सरकार इस पूरे विवाद को हिंदू-मुसलमान बनाकर माहौल बिगाड़ना चाहती है। सांसद वीरेंद्र सिंह ने चंदौली में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि अगर कोर्ट छांगुर बाबा को दोषी ठहराएगी तो पूरा देश उसके खिलाफ खड़ा होगा, लेकिन फिलहाल सरकार खुद ही जांच की दिशा तय कर रही है। उन्होंने कहा कि छांगुर पर मुस्लिम राष्ट्र बनाने की कोशिश का आरोप लगाना हास्यास्पद है। अगर वह वाकई ऐसा करने की हैसियत रखता है, तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
वाड्रा मामले में भी बोले सांसद
वीरेंद्र सिंह ने रॉबर्ट वाड्रा को लेकर केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा को बीते 10 सालों से परेशान किया जा रहा है, जबकि अब तक कोई ठोस चार्जशीट दाखिल नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि जिस जमीन सौदे को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, वह सौदा पूरी तरह वैध है और टैक्स सहित सभी दस्तावेज समय पर जमा किए गए हैं।
भाजपा की मंशा पर सवाल
सांसद ने कहा कि देश में विपक्षी नेताओं को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है। भाजपा सरकार जनहित के मुद्दों को नजरअंदाज कर विपक्षी दलों को दबाने की रणनीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा नियम 377 के तहत उठाए गए कई मुद्दों पर सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। इससे साफ होता है कि भाजपा लोकतंत्र की आवाज को दबाना चाहती है।
किसानों की हालत पर चिंता
वीरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश में किसान खाद संकट से जूझ रहा है। डीएपी और यूरिया की भारी कमी है, लेकिन सरकार इस पर ध्यान देने की बजाय छांगुर जैसे मामलों को तूल दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की पीड़ा से ध्यान हटाकर सांप्रदायिक ध्रुवीकरण की कोशिश में लगी है।
सांसद ने हाल के धर्मांतरण मामलों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार इन मुद्दों को राजनीतिक रंग देकर समाज में नफरत फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि यदि किसी ने कानून का उल्लंघन किया है तो निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, न कि सांप्रदायिक माहौल बनाकर राजनीति।
“हिंदू-मुसलमान करने की राजनीति”
वीरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा हमेशा ऐसे ही मुद्दों को हवा देती है ताकि हिंदू-मुसलमान का एजेंडा आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि छांगुर बाबा का मुद्दा भी उसी साजिश का हिस्सा है, जिसे चुनावी रणनीति के तहत उछाला गया है। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि जनता असल मुद्दों पर सवाल पूछेगी और जवाब मांगेगी।
