केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को फोन पर मिली जान से मारने की धमकी, शिकायत दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

राष्ट्रीय लोकदल (RLD) प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को एक अज्ञात फोन नंबर से जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले ने न केवल MP5 जैसे हथियारों का जिक्र किया, बल्कि व्हाट्सएप पर उनका आधिकारिक टूर प्रोग्राम भेजकर उस पर 'गोली मार दो' भी लिखा। इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी गई है, जिसमें आवास के पास जासूसी का भी आरोप लगाया गया है।
Jayant Chaudhary

नई दिल्ली: केंद्र सरकार में मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी को जान से मारने की धमकी मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह धमकी एक अज्ञात मोबाइल नंबर से फोन कॉल और व्हाट्सएप संदेशों के जरिए दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जयंत चौधरी की तरफ से पुलिस में तत्काल शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना 18 मार्च 2026 की सुबह लगभग 11 बजे हुई, जब मंत्री के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर 7797623577 से कॉल आई। फोन उठाने पर दूसरी तरफ से व्यक्ति ने सीधे केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को जान से मारने की धमकी दी।

शिकायत में हथियारों और टूर प्रोग्राम का जिक्र

पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में इस पूरी घटना का विस्तार से ब्योरा दिया गया है। शिकायत के मुताबिक, फोन करने वाले ने MP5 जैसे घातक हथियारों का नाम लेते हुए कहा कि वह इन्हीं से हमला करेगा। उसने व्हाट्सएप पर कुछ दस्तावेज भेजने की बात भी कही।

“फोन उठाते ही कॉल करने वाला व्यक्ति माननीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं शिक्षा राज्य मंत्री, भारत सरकार जयंत चौधरी को जान से मारने की धमकी देने लगा। उसने मुझसे पूछा कि क्या मैंने ये कागज देखे हैं जो उसने मेरे फोन पर भेजे हैं और साथ ही उसने MP5 जैसे हथियारों का जिक्र करते हुए कहा कि यह इन्हीं से मारेगा।”

शिकायत में बताया गया कि जब व्हाट्सएप संदेशों की जांच की गई, तो उसमें मंत्री का सरकारी टूर प्रोग्राम मिला, जिस पर साफ-साफ लिखा था- ‘इनको गोली मार दो’। इसके अलावा, धमकी देने वाले ने कुछ वॉयस मैसेज और लोकेशन भी भेजी थीं, जिनमें लगातार धमकियां दी जा रही थीं। जब उस नंबर पर वापस कॉल करके पूछा गया कि उसे मंत्री का टूर प्रोग्राम कहां से मिला, तो उसने जवाब दिया कि ‘यह ऊपर से भेजा गया है’।

आवास के पास जासूसी का भी आरोप

मामला सिर्फ फोन पर धमकी तक ही सीमित नहीं है। शिकायत में इस बात का भी अंदेशा जताया गया है कि मंत्री के आवास की जासूसी की जा रही है। शिकायत पत्र के अनुसार, “कोई अज्ञात व्यक्ति हमारे आवास के पिछले गेट की जासूसी कर रहा है और इस बात की निगरानी रख रहा है कि दरवाजा किस समय खुलता-बंद होता है और कौन आता-जाता है।”

इसमें आगे कहा गया है कि लगभग तीन दिन पहले रात 9 से 10 बजे के बीच एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार, जिसके शीशे काले थे, कोठी के पास काफी देर तक खड़ी रही और उसमें बैठे लोग आवास की निगरानी कर रहे थे। इस घटना की सूचना तुरंत तुगलक रोड थानाध्यक्ष को दी गई और सभी साक्ष्य पुलिस को सौंप दिए गए। फिलहाल पुलिस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गंभीरता से जांच कर रही है। बता दें कि 47 वर्षीय जयंत चौधरी 2024 से केंद्र की एनडीए सरकार में मंत्री पद संभाल रहे हैं।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews