
उत्तर प्रदेश विधानसभा के मॉनसून सत्र में योगी सरकार द्वारा ‘विजन 2047’ पर चौबीस घंटे से अधिक चली चर्चा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार विकसित भारत के इंजन के रूप में आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत में यूपी की निर्णायक भूमिका होगी। ‘विजन 2047’ में 1947 से 2017 और 2017 से 2047 तक विकास यात्रा के दो चरणों पर मंथन किया गया।
इस मंथन और विचार विमर्श के बाद मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के ‘विकसित भारत’ संकल्प को धरातल पर उतारने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सिर्फ बड़ी आबादी नहीं, बल्कि आध्यात्मिक-सांस्कृतिक नेतृत्व का केंद्र भी है। इस चर्चा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के 187 विधायकों ने हिस्सा लिया।
‘विजन 2047’ पर चर्चा का समापन
सीएम योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश विधानसभा में ‘विजन 2047’ पर चर्चा का समापन करते हुए कहा कि भारत विकसित तब बनेगा, जब हर राज्य अपनी भूमिका निभाएगा और इसमें उत्तर प्रदेश सबसे आगे रहेगा। उन्होंने सत्ता पक्ष और विपक्ष के उन सभी विधायकों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने इस चर्चा में भागीदारी की। विधानसभा मॉनसून सत्र के चौथे दिन मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार के साढ़े आठ साल की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि बिना भेदभाव के सभी को योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही समावेशी विकास का मंत्र है।
सीएम योगी ने प्रस्तुत किए विकास के आंकड़े
उन्होंने यूपी की आर्थिक प्रगति का आंकड़े पेश किया और बताया कि 2016-17 में यूपी की जीएसडीपी 13 लाख करोड़ रुपये थी, जो इस वित्तीय वर्ष के अंत तक 35 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय जीडीपी में यूपी का योगदान 8 फीसदी से बढ़कर 9.5 फीसदी हो गया है। सीएम ने कहा कि पिछले आठ वर्षों में यूपी ने खेती, सिंचाई, उद्योग और इन्फ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में ऐसे कीर्तिमान बनाए हैं, जो आज़ादी के बाद से 2017 तक की सुस्त रफ्तार को पीछे छोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि अधूरी योजनाओं को समय पर पूरा करना, किसानों को तकनीक व वित्तीय मदद देना और कानून-व्यवस्था में सुधार से प्रदेश का चेहरा बदल रहा है।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष से कहा ‘सत्ता में आने का सपना मत देखिए’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में विपक्ष को आड़े हाथों लिया। योगी ने विपक्ष के ‘पीडीए’ नारे को ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ बताते हुए कहा कि उनकी सोच में विकास कम और सत्ता की चाहत ही ज्यादा है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आप 2027 में सत्ता में आने का सपना मत देखिए। आपका ये सपना सपना ही रहेगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार अपनी आध्यात्मिक विरासत का भी सम्मान करती है और अत्याधुनिक विकास पर भी ध्यान देती है। सीएम योगी ने सदन में कूपमंडूक की कहानी सुनाई और नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे को संबोधित करते हुए पंडित श्यामनारायाण पांडे की पंक्तिया उद्धृत करते हुए कहा कि ‘यह महाकाल का आसन है..इसपर न किसी का शासन है’। इसी के साथ उनका शायराना अंदाज़ भी नज़र आया जब उन्होंने सदन में एक शेर सुनाया और उसके माध्यम से विपक्ष पर कटाक्ष किया।
[dgv_vimeo_video id=”1109925344″]
[dgv_vimeo_video id=”1109925505″]
[dgv_vimeo_video id=”1109925066″]
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

