Hindi News

यूपी बोर्ड की परीक्षा आज से शुरू, सोशल मीडिया पर 10वीं 12वीं का फर्जी पेपर वायरल, 52 लाख छात्रों के लिए बोर्ड ने जारी की चेतावनी

Written by:Rishabh Namdev
Published:
उत्तर प्रदेश में आज 18 फरवरी से शुरू हो रही हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं से ठीक पहले, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी प्रश्न पत्र वायरल हो गए हैं। यूपी बोर्ड ने इसे छात्रों को गुमराह करने की एक शरारतपूर्ण कोशिश बताते हुए अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है और कहा है कि दोषियों के खिलाफ साइबर सेल में FIR दर्ज कराई जाएगी।
यूपी बोर्ड की परीक्षा आज से शुरू, सोशल मीडिया पर 10वीं 12वीं का फर्जी पेपर वायरल, 52 लाख छात्रों के लिए बोर्ड ने जारी की चेतावनी

उत्तर प्रदेश में आज 18 फरवरी से शुरू होने वाली 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। परीक्षा शुरू होने से कुछ ही घंटे पहले सोशल मीडिया पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के फर्जी प्रश्न पत्र वायरल हो रहे हैं, जिससे 52 लाख से अधिक परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है। यूपी बोर्ड ने इसका तत्काल संज्ञान लेते हुए इसे पूरी तरह से निराधार और शरारतपूर्ण बताया है।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यह केवल परीक्षार्थियों को गुमराह करने और परीक्षा की शुचिता को भंग करने का एक प्रयास है। बोर्ड की मीडिया सेल ने इन वायरल हो रहे प्रश्न पत्रों की निगरानी शुरू कर दी है और इसे फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने की तैयारी कर ली है।

अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ होगी FIR

यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह द्वारा जारी एक आधिकारिक नोटिस में कहा गया है कि असामाजिक तत्वों द्वारा यह अफवाह फैलाई जा रही है। बोर्ड ने इसे बेहद गंभीरता से लिया है। नोटिस के मुताबिक, अफवाह फैलाने और परीक्षा प्रक्रिया में बाधा डालने का प्रयास करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड ने ऐसे लोगों के विरुद्ध साइबर सेल में एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

छात्र और अभिभावक रहें सतर्क — बोर्ड की अपील

बोर्ड ने सभी परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे इस तरह की किसी भी अफवाह पर बिल्कुल ध्यान न दें। बोर्ड ने कहा, “यह स्थिति नितांत असत्य, निराधार और शरारतपूर्ण है।”

अधिकारियों ने यह भी सलाह दी है कि किसी भी जानकारी के लिए केवल यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और अन्य अधिकृत माध्यमों पर ही भरोसा करें। सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे किसी भी दावे या प्रश्न पत्र को सच न मानें। आपको बता दें कि इस साल यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक चलेंगी, जिसमें 52 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं शामिल हो रहे हैं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews