प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को संगम नगरी प्रयागराज में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर घटिया राजनीति करने का आरोप लगाते हुए उन्हें नई उपाधि दे दी।
सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान केशव मौर्य ने कहा कि विपक्ष के कुछ नेता वैश्विक संकट के समय में भी देश के साथ खड़े होने के बजाय जनता में भ्रम और डर फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए उन्हें ‘अफवाह गांधी’ और ‘अफवाह यादव’ बताया।
“‘अफवाह गांधी’ और ‘अफवाह यादव’… विपक्ष के ये नेता केवल दुष्प्रचार कर रहे हैं, ताकि जनता में भ्रम और डर पैदा हो। वैश्विक संकट की इस घड़ी में उन्हें देश के साथ खड़ा होना चाहिए था, लेकिन वे अपनी राजनीति चमका रहे हैं। आने वाले समय में अफवाह फैलाने वाले इन दोनों नेताओं का हम बाजा बजा देंगे।”- केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश
आंकड़ों के साथ अफवाहों का खंडन
गैस की किल्लत की खबरों को सिरे से खारिज करते हुए डिप्टी सीएम ने सरकारी आंकड़े पेश किए। उन्होंने बताया कि यह केवल एक दुष्प्रचार है। उन्होंने कहा, “पहले जहां देश में प्रतिदिन 55 लाख गैस सिलेंडर बुक होते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 75 लाख प्रतिदिन हो गई है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि आपूर्ति पूरी तरह सुचारू है और सरकार हर नागरिक तक सिलेंडर पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
पीएम मोदी की विदेश नीति की सराहना
ईरान, इस्राइल और अमेरिका के बीच तनाव और खाड़ी देशों में युद्ध जैसे हालात पर भी केशव प्रसाद मौर्य ने अपनी बात रखी। उन्होंने इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सफल विदेश नीति को दिया। उन्होंने कहा, “यह पीएम मोदी की सशक्त विदेश नीति का ही नतीजा है कि इतने बड़े वैश्विक संकट के बावजूद ईरान से भारत में क्रूड ऑयल और गैस की आपूर्ति बिना किसी बाधा के जारी है। दुनिया देख रही है कि संकट के समय में भी भारत का झंडा बुलंद है।”
‘2027 में फिर प्रचंड बहुमत से बनेगी सरकार’
आगामी चुनावों को लेकर डिप्टी सीएम पूरी तरह आश्वस्त नजर आए। उन्होंने कहा कि देश के अंदर कोई संकट नहीं है और भाजपा अब पूरी मजबूती के साथ चुनावी तैयारियों में जुट गई है। उन्होंने दावा किया, “हम उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में विरोधियों को हराकर एक बार फिर प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएंगे।” उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और आगामी जिला पंचायत चुनावों के लिए भी पार्टी की रणनीति तैयार है।
इससे पहले पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचने पर महापौर गणेश केसरवानी, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।





