नीतीश के फ्री बिजली ऐलान पर बोले यूपी के मंत्री एके शर्मा, ‘ना बिजली आएगी, ना बिल… हो गई बिजली फ्री’

बिहार कैबिनेट की बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने के फैसले को मंजूरी मिली थी। यह योजना 1 अगस्त से लागू होगी।
नीतीश के फ्री बिजली ऐलान पर बोले यूपी के मंत्री एके शर्मा, ‘ना बिजली आएगी, ना बिल… हो गई बिजली फ्री’

बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार ने 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की जो घोषणा की है। उस पर उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने तीखा तंज कसा है। मथुरा दौरे पर पहुंचे मंत्री शर्मा ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा,
“बिहार में फ्री है, लेकिन बिजली आएगी तब न फ्री होगी। बिजली आएगी ही नहीं, तो फ्री ही कही जाएगी। ना बिजली आएगी, ना बिल आएगा… हो गई बिजली फ्री। हम बिजली दे रहे हैं।”

एके शर्मा का यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। विपक्षी दलों ने इस पर पलटवार शुरू कर दिया है। खास बात यह है कि बिहार में फिलहाल एनडीए की सरकार है, जिसमें बीजेपी भी शामिल है। ऐसे में योगी सरकार के मंत्री का यह तंज सियासी गलियारों में हलचल पैदा कर रहा है।

क्या कहा एके शर्मा ने?

शनिवार, 19 जुलाई को मथुरा में पत्रकारों ने मंत्री शर्मा से पूछा कि क्या यूपी में भी मुफ्त बिजली योजना लाई जाएगी? इस पर शर्मा ने चुटकी लेते हुए बिहार सरकार की योजना पर सवाल उठा दिया। उन्होंने कहा कि यूपी सरकार बिजली दे रही है, जबकि बिहार सरकार सिर्फ फ्री करने की बात कर रही है, वो भी तब जब बिजली खुद नदारद है।

बिहार सरकार का बड़ा फैसला

इससे पहले शुक्रवार को बिहार कैबिनेट की बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने के फैसले को मंजूरी मिली थी। यह योजना 1 अगस्त से लागू होगी। इसके तहत राज्य के करीब 1.67 करोड़ घरेलू उपभोक्ताओं को फायदा मिलेगा। सरकार ने 1.1 किलोवाट सोलर पैनल लगाने के लिए भी सब्सिडी देने का ऐलान किया है।

चुनावी मौसम और सियासी बयानबाजी

नीतीश सरकार की यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब बिहार में कुछ महीनों बाद विधानसभा चुनाव की सरगर्मी तेज़ होने वाली है। ऐसे में विपक्ष इसे चुनावी जुमला बता रहा है, तो एनडीए के अंदर से भी अब सवाल उठने लगे हैं। एके शर्मा का तंज उसी सियासी पृष्ठभूमि में देखा जा रहा है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews