
उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। सुबह से ही प्रदेश के कई शहरों में बादल छाए हुए हैं और बारिश हो रही है। मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार को प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में मेघगर्जन और तेज हवा के साथ बिजली कड़कने और गिरने की भी आशंका जताई गई है।
बता दें कि उत्तर प्रदेश में अबतक 23 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। 1 जून से 26 जुलाई तक उत्तर प्रदेश में 242.2 मिमी बारिश हुई है, जबकि 313.2 मिमी बारिश होनी चाहिए थी।
मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के मुताबिक, 28 से 30 जुलाई तक पश्चिमी और पूर्वी यूपी के सभी स्थानों और 31 जुलाई से 2 अगस्त तक अनेक स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश पड़ने की संभावना जताई हैं। इस दौरान कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की भी चेतावनी जारी की गई है। अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरवट देखने को मिलेगी।
सोमवार को इन जिलों में अलर्ट
- अति भारी बारिश: बहराइच, लखीमपुर खीरी
- भारी बारिश: सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, सीतापुर, हरदोई, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं समेत कई जिले।
- मेघगर्जन/वज्रपात: बाँदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फ़तेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, मऊ, बलिया, आजमगढ़, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, गोंडा, श्रावस्ती, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, संभल, सीतापुर, हरदोई, बदायूं, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, अम्बेडकरनगर, कासगंज, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, सुल्तानपुर, रामपुर, फ़रुखाबाद, बरेली, पीलीभीत,शाहजहांपुर, एवं आस पास के क्षेत्र।

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

