उत्तर प्रदेश में विभिन्न विभागों में तबादलों का दौर जारी है। आए दिन पुलिस विभाग में भी अधिकारियों को इधर से उधर किया जा रहा है। प्रदेश की कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए गुरुवार को पुलिस विभाग में बंपर तबादले हुए हैं। जिसको लेकर आदेश भी जारी कर दिया है। आदेशानुसार, 125 डिप्टी एसपी अधिकारियों को तबादला किया गया है।
बता दें कि उत्तर प्रदेश पुलिस में बड़े स्तर पर अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इंस्पेक्टर से डिप्टी एसपी पद पर पदोन्नत हुए अधिकारियों की नई तैनाती जिलों, पुलिस कमिश्नरेट, पीएसी, एटीएस, रेलवे पुलिस सहित विभिन्न इकाइयों में की गई है। सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे शीघ्र अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें।
ऐसा माना जा रहा है कि इतने बड़े स्तर पर डिप्टी एसपी अधिकारियों के तबादले को उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाना है। वहीं अधिकारियों के फेरबदल की बात करें तो आदेश के मुताबिक, जिन शहरों से अधिकारियों का तबादला हुआ है उसमें मुरादाबाद, मेरठ, गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर नगर, आगरा, झांसी, बरेली, अयोध्या, गाजीपुर, मुजफ्फरनगर, रायबरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बिजनौर, बागपत, बलरामपुर, बहराइच, बुलंदशहर सहित अनेक जिलों के अधिकारी शामिल हैं।
देखें किसे कहां मिली तैनाती
निरीक्षक/ पुलिस उपाधीक्षक, कमलेश कांत का तबादला मुरादाबाद से गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट किया गया है, जबकि सुनील कुमार सिंह को भदोही से बिजनौर भेजा गया है। इस आदेश में अरुण कुमार शुक्ला का नाम भी शामिल है जिन्हें जनपद गोण्डा (सम्बद्ध विशेष जांच) लखनऊ से हटाकर उन्हें जनपद कौशाम्बी में नवीन पदस्थापना मिली है।
वहीं मुकेश कुमार त्यागी को जनपद सहारनपुर से सहायक सेनानायक, 47वीं वाहिनी पीएसी, गाजियाबाद में भेजा गया है। जावेद इकबाल खान को जनपद खीरी से सोनभद्र में नियुक्त किया गया है। रनवीर सिंह यादव, बागपत से जनपद शाहजहांपुर, राम किशन को जनपद बाराबंकी से सहायक पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट गाज़ियाबाद में नियुक्त किया गया है।
वहीं, गंगाराम चौधरी निरीक्षक/ पुलिस उपाधीक्षक, एस.आई.टी.(ई0ओ0डब्ल्यू0) लखनऊ से पुलिस उपाधीक्षक, ई0ओ0डब्ल्यू0 मुख्यालय, लखनऊ भेजा गया है। शिव ठाकुर से सहारनपुर से मेरठ भेजा गया है। संदीप कुमार राय को अयोध्या से सहायक पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट प्रयागराज में नियुक्त किया गया है।





