उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा (AK Sharma) अब फुल एक्शन मोड में आ गए हैं। हाल के दिनों में बिजली आपूर्ति और बिलिंग को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों और कर्मचारियों के विरोध के बीच मंत्री ने विभाग के उच्च अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि अब किसी भी स्तर पर लापरवाही या उपभोक्ताओं के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कनेक्शन काटने पर रोक

मंत्री एके शर्मा ने बिजली विभाग के UPPCL, डिस्कॉम और क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि छोटे बकायेदारों के कनेक्शन तत्काल न काटे जाएं। उन्होंने कहा कि कई बार उपभोक्ता बिल भरने को तैयार होते हैं, फिर भी कनेक्शन काट दिया जाता है, जो अनुचित है। ऐसे मामलों में संबंधित कर्मियों पर सख्त कार्रवाई होगी। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि बकायेदारों के नाम पर पूरे गांव या फीडर की बिजली सप्लाई बंद करना ठीक नहीं है। इससे समय पर बिल भरने वाले उपभोक्ताओं को भी बेवजह परेशानी झेलनी पड़ती है।

ट्रांसफार्मर और वोल्टेज समस्या पर नाराजगी

AK शर्मा ने ट्रांसफार्मर बदलने में हो रही देरी, ओवरलोडिंग और लो वोल्टेज जैसी समस्याओं पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जले हुए ट्रांसफार्मर को समय से बदलना अनिवार्य है। इसमें राजस्व वसूली को बाधा नहीं बनने दिया जाएगा। मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि बिजली चोरी रोकना जरूरी है लेकिन चोरी के नाम पर सप्लाई रोकना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा।

ऊर्जा मंत्री ने कंप्यूटर जनित बिलों में हो रही गड़बड़ियों और बढ़ती गलत बिलिंग की शिकायतों को गंभीरता से लिया। उन्होंने भ्रष्टाचार पर रोक लगाने और बिलिंग सिस्टम को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि एक फीडर पर अधिकतम दो बार ही शटडाउन लिया जाए और वह भी पूर्व सूचना के साथ।

संविदा कर्मियों की छंटनी पर जताई चिंता

मंत्री ने संविदा कर्मचारियों की छंटनी और उनकी जगह अकुशल लोगों की तैनाती को गंभीर मामला बताया। उन्होंने इसकी गहन समीक्षा और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया।

1912 कॉल सेंटर पर तीन शिफ्ट में तैनाती

उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए ऊर्जा मंत्री ने 1912 टोल-फ्री नंबर पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण हेतु UPPCL और DISCOM स्तर पर डायरेक्टर स्तर के अधिकारियों की ड्यूटी तीन शिफ्ट में लगाने के निर्देश दिए हैं। विजिलेंस टीम को संगठित बिजली चोरी पर फोकस करने को कहा गया है। AK शर्मा ने अंत में दोहराया कि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देना और उनकी संतुष्टि सुनिश्चित करना ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ये सभी निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू किए जाएं और इसकी रिपोर्ट उन्हें सौंपी जाए।