उपराष्ट्रपति के इस्तीफे के बाद उठी नई सियासी हलचल, CM योगी को लेकर कांग्रेस नेता का बड़ा दावा

विपक्ष इस इस्तीफे को लेकर सवाल खड़े कर रहा है। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि ये केवल हेल्थ इश्यू नहीं है। इसके पीछे कोई बड़ी सियासत है।
उपराष्ट्रपति के इस्तीफे के बाद उठी नई सियासी हलचल, CM योगी को लेकर कांग्रेस नेता का बड़ा दावा

देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सोमवार, 21 जुलाई की देर रात अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफे की वजह स्वास्थ्य कारण बताई गई। लेकिन राजनीति में कब क्या हो जाए, कोई नहीं जानता। अब विपक्ष इस इस्तीफे को लेकर सवाल खड़े कर रहा है। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि ये केवल हेल्थ इश्यू नहीं है। इसके पीछे कोई बड़ी सियासत है। इसी बीच यूपी के बड़े कांग्रेसी नेता और पूर्व सांसद कुंवर दानिश अली ने इस मुद्दे पर एक ऐसा पोस्ट कर दिया। जिसने नई बहस छेड़ दी। उन्होंने उपराष्ट्रपति पद की रेस में सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम जोड़ दिया।

क्या योगी बनेंगे अगला उपराष्ट्रपति?

कुंवर दानिश अली ने X (पहले ट्विटर) पर लिखा,

“75 साल पूरे होने से पहले ही उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का अचानक इस्तीफा @RSSorg की तरफ से @narendramodi जी को एक बार फिर साफ़ इशारा है. सियासी गलियारों में ये चर्चा तेज़ है धनखड़ जी के इस्तीफे के बाद, क्या @myogiadityanath जी को ‘उप राष्ट्रपति’ बनाने की तैयारी चल रही है?”

उनके इस ट्वीट के बाद सोशल मीडिया पर चर्चाएं और तेज हो गई हैं। कई लोग इसे 2024 के बाद की बीजेपी की रणनीति से जोड़कर देख रहे हैं।

इमरान मसूद ने भी जताई आशंका

सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भी इस्तीफे पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा,

“उपराष्ट्रपति दिनभर संसद में मौजूद थे. ऐसा क्या हुआ कि एक घंटे के अंदर इस्तीफा देना पड़ा? हम उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं लेकिन अब तक समझ नहीं पा रहे कि असली वजह क्या है?”

दिल्ली दौरे पर थे योगी आदित्यनाथ

इस सबके बीच एक और चीज़ पर ध्यान जा रहा है। हाल ही में सीएम योगी आदित्यनाथ दिल्ली दौरे पर थे। उन्होंने वहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी। ये मुलाकातें अब सियासी गलियारों में अलग नजर से देखी जा रही हैं। फिलहाल, नए उपराष्ट्रपति का नाम तय नहीं है। लेकिन अटकलों का बाज़ार गर्म है। क्या योगी आदित्यनाथ का नाम इस रेस में वाकई शामिल है? या ये सिर्फ अफवाह है? जवाब कुछ दिनों में मिल सकता है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews