
उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य 4 अप्रैल तक पूरा हो गया है। प्रदेश के 254 केंद्रों पर करीब 2.75 करोड़ उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया है। अब डेटा फीडिंग और मार्कशीट तैयार करने में करीब 15 से 20 दिन का समय लगेगा, ऐसे में संभावना है कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा 25 से 28 अप्रैल 2026 के बीच कक्षा 10वीं (हाईस्कूल) और 12वीं (इंटरमीडिएट) के नतीजे जारी किए जा सकते हैं। हालांकि बोर्ड की ओर से अभी तक आधिकारिक तारीख की पुष्टि नहीं की गई है। पिछले वर्ष (2025) बोर्ड ने 25 अप्रैल को नतीजे जारी किए थे।
फेल हो सकते हैं 34,637 छात्र, ये है कारण
बता दें कि जो छात्र कक्षा 12 की प्रैक्टिकल परीक्षा 2026 में शामिल नहीं हो पाए थे या अनुपस्थित थे, उन्हें बोर्ड ने एक और मौका दिया है। ऐसे छात्रों के लिए प्रैक्टिकल परीक्षाएं 9 और 10 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा 652 ऐसे स्कूल हैं, जहां लगभग 34,637 परीक्षार्थियों के प्रैक्टिकल के मार्क्स अभी तक ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड नहीं हुए हैं। बोर्ड ने अपने नोटिस में साफ कहा है कि अगर तय समय सीमा में मार्क्स अपलोड नहीं हुए तो ये छात्र फेल हो जाएंगे। इसके लिए पूरी तरह से संबंधित परीक्षक/प्रधानाचार्य एवं शिथिल पर्यवेक्षण हेतु जनपद के जिला विद्यालय निरीक्षक जिम्मेदार होंगे। बोर्ड इंटर प्रैक्टिकल एग्जाम के बचे हुए प्राप्तांकों को अपलोड करने के लिए 6 और 7 अप्रैल 2026 का समय दिया है।
18 फरवरी से 12 मार्च के बीच सम्पन्न हुई थी परीक्षा
उत्तर प्रदेश में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक दो शिफ्ट में आयोजित की गई थी। पहली शिफ्ट सुबह 8:30 से 11:45 बजे और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 से शाम 5:15 बजे तक रखी गई थी। इस बार प्रदेश भर से लगभग 52,30,297 परीक्षार्थी (हाईस्कूल में 2750945 और इंटर में 2479352) परीक्षा में शामिल हुए। पूरे प्रदेश में कुल 8,033 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे ।
पास होने के लिए कितने मार्क्स जरूरी
- यूपी बोर्ड की परीक्षा में पास होने के लिए छात्रों को प्रत्येक विषय में और कुल मिलाकर कम से कम 33% अंक प्राप्त करना अनिवार्य है।
- अगर एक या दो सब्जेक्ट में न्यूनतम पास प्रतिशत से कम अंक आते हैं, तो विद्यार्थी फेल माना जाएगा।
- अगर छात्र अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, तो वे स्क्रूटिनी के लिए आवेदन कर सकते हैं।
- स्क्रूटिनी के लिए छात्रों को निर्धारित शुल्क देना होगा और आवेदन ऑनलाइन करना होगा।
- जो छात्र एक या दो विषय में फेल होंगे, उन्हें कंपार्टमेंट परीक्षा के जरिए सुधार का मौका दिया जाएगा।
UP Board : मार्कशीट पर होगी ये जानकारी
- छात्र का नाम
- माता-पिता का नाम
- रोल नंबर
- जन्मतिथि
- स्कूल का नाम
- स्कूल कोड
- कुल प्राप्तांक
- कुल अंक
- रिजल्ट का स्टेटस (पास/फेल/कंपार्टमेंट)
UP Board: इन वेबसाइट्स पर चेक कर सकते हैं रिजल्ट
परिणाम घोषित होने के बाद छात्र निम्नलिखित आधिकारिक वेबसाइट्स पर जाकर अपना स्कोरकार्ड देख सकेंगे:
- upresults.nic.in
- upmsp.edu.in
- results.upmsp.edu.in
UPMSP: यूपी बोर्ड रिजल्ट कैसे चेक करें
- सबसे पहले आपको बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in या upresults.nic.in खोलें।
- High School (Class X) Result’ या ‘Intermediate (Class XII) Result’ लिंक पर क्लिक करें।
- अपना रोल नंबर और मांगी गई अन्य जानकारी दर्ज करें।
- सबमिट बटन पर क्लिक करें।
- आपका परिणाम स्क्रीन पर आ जाएगा। इसे डाउनलोड करें या प्रिंट लें।
#upboardpryj pic.twitter.com/ZI8DRtpV0J
— Madhyamik Shiksha Parishad, Uttar Pradesh (@upboardpryj) April 3, 2026
#upboardpryj #UPBoardExams2026 pic.twitter.com/2DNYlPUvaM
— Madhyamik Shiksha Parishad, Uttar Pradesh (@upboardpryj) April 4, 2026
12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

