Hindi News

यूपी के वाहन मालिकों को सीएम योगी ने दिया दिवाली तोहफा, 5 साल तक के सभी ई-चालान कर दिए माफ

Written by:Saurabh Singh
Published:
यह निर्णय जनहित और पारदर्शिता को ध्यान में रखकर लिया गया है। परिवहन आयुक्त ब्रजेश नारायण सिंह ने बताया कि पुराने चालानों से न्यायपालिका और प्रवर्तन तंत्र पर अनावश्यक बोझ पड़ रहा था।
यूपी के वाहन मालिकों को सीएम योगी ने दिया दिवाली तोहफा, 5 साल तक के सभी ई-चालान कर दिए माफ

उत्तर प्रदेश सरकार ने वाहन मालिकों को बड़ी राहत देते हुए 2017 से 2021 के बीच के सभी ई-चालान स्वतः समाप्त करने का फैसला किया है। परिवहन विभाग के अनुसार, इस अवधि में काटे गए 30,52,090 चालानों में से 12,93,013 लंबित थे, जिनमें से अधिकांश अब खत्म माने जाएंगे। इस कदम से वाहन मालिकों को फिटनेस, परमिट, वाहन ट्रांसफर और हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट जैसी सेवाओं में रुकावट नहीं आएगी। एक महीने के भीतर चालानों की स्थिति पोर्टल पर अपडेट होगी।

यह निर्णय जनहित और पारदर्शिता को ध्यान में रखकर लिया गया है। परिवहन आयुक्त ब्रजेश नारायण सिंह ने बताया कि पुराने चालानों से न्यायपालिका और प्रवर्तन तंत्र पर अनावश्यक बोझ पड़ रहा था। हाई कोर्ट के निर्देशों के अनुसार, ये चालान अब कानूनन समाप्त माने जाएंगे। हालांकि, टैक्स बकाया, गंभीर दुर्घटनाओं या शराब पीकर वाहन चलाने जैसे मामलों में यह छूट लागू नहीं होगी।

लाखों वाहन मालिकों को लाभ

इस फैसले से ऑटो, ट्रांसपोर्ट और टैक्सी ऑपरेटरों सहित लाखों वाहन मालिकों को लाभ होगा। पुराने चालानों के कारण कानूनी प्रक्रियाओं से छुटकारा मिलेगा और वाहन सेवाएं आसान होंगी। 30 दिन के भीतर सभी जिलों के RTO/ARTO दफ्तर चालानों की स्थिति को Disposed-Abated या Closed-Time Bar के रूप में अपडेट करेंगे।

ई-चालान पोर्टल पर देखें स्टेटस

वाहन मालिक एक महीने बाद ई-चालान पोर्टल पर अपने चालान की स्थिति देख सकेंगे। हाई कोर्ट के विशेष आदेश वाले मामलों में चालान सात दिन के भीतर पोर्टल से हटा दिए जाएंगे। यह कदम न केवल वाहन मालिकों के लिए राहत लाएगा, बल्कि प्रशासनिक प्रक्रियाओं को भी सुगम बनाएगा।