Hindi News

सुबह-सुबह धमाके से कांपा वाराणसी, घर में फटा सिलेंडर, नहीं बचे भाई-बहन

Written by:Bhawna Choubey
Published:
वाराणसी के लहरतारा में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से जर्जर मकान ढह गया। इस हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि मां और एक अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जारी है।
सुबह-सुबह धमाके से कांपा वाराणसी, घर में फटा सिलेंडर, नहीं बचे भाई-बहन

वाराणसी के मंडुआडीह थाना क्षेत्र के लहरतारा इलाके में मंगलवार सुबह एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। रोज की तरह एक परिवार अपने दिन की शुरुआत कर रहा था, लेकिन कुछ ही पलों में सबकुछ बदल गया।

खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया और देखते ही देखते पूरा मकान जमींदोज हो गया। इस हादसे में परिवार के चार लोग मलबे में दब गए। आसपास के लोग धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

गैस सिलेंडर ब्लास्ट ने ली दो जिंदगियां

इस दर्दनाक हादसे में 27 वर्षीय प्रीति चौधरी और 30 वर्षीय ओमप्रकाश चौधरी की मौत हो गई। दोनों भाई-बहन थे और एक ही घर में रहते थे। वहीं 60 वर्षीय गिरिजा साहनी और उनका बेटा अमन साहनी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों को तुरंत बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। यह गैस सिलेंडर ब्लास्ट इतना तेज था कि पूरे मकान की दीवारें कुछ ही सेकंड में गिर गईं और परिवार के सभी सदस्य मलबे में दब गए।

जर्जर मकान बना हादसे की बड़ी वजह

जानकारी के अनुसार, यह परिवार एक पुराने और जर्जर मकान में रह रहा था। आर्थिक तंगी के कारण वे बेहतर घर में शिफ्ट नहीं हो पाए थे। मंगलवार सुबह जब गिरिजा साहनी अपने बच्चों के लिए नाश्ता बना रही थीं, तभी सिलेंडर के पाइप में लीकेज हो गया। कुछ ही पलों में गैस सिलेंडर ब्लास्ट हुआ और पूरा मकान ढह गया। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जर्जर मकानों में रहना कितना खतरनाक हो सकता है।

स्थानीय लोगों ने बचाई जानें, लेकिन नहीं बच सके दो लोग

धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना किसी देरी के राहत कार्य शुरू कर दिया। लोगों ने मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। लेकिन इलाज के दौरान प्रीति और ओमप्रकाश की जान नहीं बचाई जा सकी। यह हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला।

पुलिस जांच में सामने आई ये वजह

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गैस सिलेंडर के पाइप में लीकेज के कारण यह विस्फोट हुआ। एडीसीपी नीतू कादयान ने बताया कि मकान पहले से ही जर्जर था, जिससे नुकसान और ज्यादा बढ़ गया। उन्होंने यह भी साफ किया कि सिलेंडर की जमाखोरी जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

 

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
मुझे लगता है कि कलम में बहुत ताकत होती है और खबरें हमेशा सच सामने लाती हैं। इसी सच्चाई को सीखने और समझने के लिए मैं रोज़ाना पत्रकारिता के नए पहलुओं को सीखती हूँ। View all posts by Bhawna Choubey
Follow Us :GoogleNews