Hindi News

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी प्रदेशवासियों को स्वामी विवेकानंद जयंती की शुभकामनाएं, युवाओं से की ये खास अपील

Written by:Shyam Dwivedi
Published:
स्वामी विवेकानंद जयंती अथवा युवा दिवस को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी और राज्य के युवाओं से खास अपील की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी प्रदेशवासियों को स्वामी विवेकानंद जयंती की शुभकामनाएं, युवाओं से की ये खास अपील

हर साल 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जन्म जयंती (Swami Vivekananda Jayanti) मनाई जाती है। इस बार भारत देश स्वामी विवेकानंद की 163वीं जन्म जयंती मनाने जा रहा है। इस दिन स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। यह दिन युवाओं के लिए विशेष महत्व रखता है।

बता दें कि स्वामी विवेकानंद जयंती को देश में राष्ट्रीय युवा दिवस (National Youth Day) के रूप में भी मनाते हैं। राष्ट्रीय युवा दिवस केवल एक तिथि नहीं, बल्कि भारत के आत्मविश्वास की याद है। स्वामी विवेकानंद जयंती अथवा युवा दिवस को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी और राज्य के युवाओं से खास अपील की है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी विवेकानंद जयंती की शुभकामनाएं

उत्तराखंड सीएमओ की ओर से एक पोस्ट साझा किया गया है जिसमें कहा है कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वामी विवेकानन्द जयन्ती की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएँ दी हैं। स्वामी विवेकानन्द जी को युवाओं का प्रेरणास्त्रोत बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने भारतीय दर्शन तथा हमारी महान संस्कृति के महत्व को दुनिया तक पहुंचाने का महान कार्य किया।

मुख्यमंत्री ने विवेकानन्द जयन्ती की पूर्व संध्या पर जारी अपने सन्देश में कहा कि स्वामी विवेकानन्द, महान आध्यात्मिक विचारक एवं वक्ता थे। उन्होंने अपने बौद्धिक विचारों, ओजस्वी वाणी के माध्यम से युवाओं को आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा का मार्ग दिखाया। उनका यह संदेश “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत” आज भी युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।
मुख्यमंत्री ने युवा शक्ति को राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए आत्मनिर्भर, सशक्त तथा चरित्रवान भारत के निर्माण में सभी से सहयोगी बनने की भी अपेक्षा की।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से की ये अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की प्रगति, नवाचार और नेतृत्व में युवाओं की भूमिका निर्णायक है। विज्ञान, प्रौद्योगिकी, खेल, शिक्षा, उद्यमिता और सामाजिक सेवा आदि हर क्षेत्र में हमारे युवा अपनी प्रतिभा और परिश्रम से भारत की वैश्विक मंच पर नई पहचान बना रहे हैं। उन्होंने युवाओं सहित सभी प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग कर देश एवं प्रदेश के विकास में अपना योगदान देने के लिए आगे आएं।

क्यों मनाया जाता है युवा दिवस?

जैसा कि ज्ञात है कि स्वामी विवेकानंद जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में भी मनाते हैं लेकिन क्यों? युवाओं को देश का भविष्य कहा जाता है। किसी भी राष्ट्र की प्रगति उसके युवाओं की सोच और उनकी कार्यक्षमता पर निर्भर करती है। स्वामी विवेकानंद युवाओं के सबसे बड़े प्रेरणास्रोत रहे हैं। उनका मानना था कि युवा शक्ति ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकती है।

उनके इसी विजन को सम्मान देने और युवाओं को राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक करने के लिए भारत सरकार ने उनके जन्मदिन को ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ के रूप में घोषित किया। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को विवेकानंद के आदर्शों पर चलने के लिए प्रोत्साहित करना और उनमें आत्मविश्वास जगाना है।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews