MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

Uttarakhand: प्रदेश में आज से लागू होंगी GST की नई दरें, सीएम धामी बोले- आर्थिकी होगी मजबूत

Uttarakhand: प्रदेश में आज से लागू होंगी GST की नई दरें, सीएम धामी बोले- आर्थिकी होगी मजबूत

उत्तराखंड में आज से जीएसटी की नई दरें लागू हो गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि इन संशोधित दरों से न सिर्फ राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि हर वर्ग के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। धामी ने रविवार को वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के मंत्रियों, विधायकों और जनप्रतिनिधियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता के हित में यह ऐतिहासिक फैसला लिया है, जिससे आने वाले समय में व्यापारिक माहौल भी बेहतर होगा।


जीएसटी दरों से जनता और व्यापारियों को राहत

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि 22 सितंबर से लागू हुई नई दरों का लाभ आम जनता और व्यापारिक समुदाय तक तुरंत पहुंचना चाहिए। इसके लिए सरकार प्रदेशभर में जन जागरूकता अभियान चलाएगी। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से कहा कि 22 से 29 सितंबर तक अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें। इस दौरान प्रभारी मंत्री अपने जिलों में और विधायक अपनी विधानसभाओं में अभियान का नेतृत्व करेंगे। उनका कहना है कि इस पहल से हर वर्ग को राहत मिलेगी और प्रदेश की अर्थव्यवस्था में सकारात्मक बदलाव आएगा।


वोकल फॉर लोकल को मिलेगा बढ़ावा

धामी ने कहा कि जीएसटी की नई दरों से राज्य के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ अभियान को बड़ी गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड का अंब्रेला ब्रांड हाउस ऑफ हिमालयाज, जीआई टैग प्राप्त 27 उत्पाद और ‘एक जनपद दो उत्पाद’ योजना को खास लाभ होगा। स्थानीय हस्तशिल्प और कृषि उत्पादों की बिक्री बढ़ेगी, जिससे स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने दावा किया कि यह बदलाव आत्मनिर्भर उत्तराखंड की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा और राज्य की खास पहचान को देश-दुनिया में और मजबूती मिलेगी।


छोटे उद्यमियों के लिए नए अवसर

मुख्यमंत्री ने उद्योग विभाग को निर्देश दिया कि जीआई टैग वाले उत्पादों और ‘एक जनपद दो उत्पाद’ योजना को और मजबूत बनाया जाए। उनका कहना है कि नई जीएसटी दरों से व्यापार सुगमता को बढ़ावा मिलेगा। उपभोक्ता और उत्पादक दोनों को फायदा मिलेगा। छोटे उद्यमी अब आसानी से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जुड़ पाएंगे। बैठक में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने विस्तार से बताया कि इन संशोधित दरों से आम जनता और व्यापारियों को किस तरह फायदा होगा। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, रेखा आर्या और अन्य विधायक भी मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews
Uttarakhand: प्रदेश में आज से लागू होंगी GST की नई दरें, सीएम धामी बोले- आर्थिकी होगी मजबूत - MP Breaking News