Hindi News

उत्तराखंड बोर्ड का रिजल्ट जारी, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने टॉपर्स से की फोन पर बात, दिया खास संदेश

Written by:Shyam Dwivedi
Last Updated:
शनिवार को उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा 10वीं और 12वीं का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। इस बीच, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टॉपर्स से फोन पर बातचीत कर सभी को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
उत्तराखंड बोर्ड का रिजल्ट जारी, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने टॉपर्स से की फोन पर बात, दिया खास संदेश

देहरादून: उत्तराखंड बोर्ड की तरफ से 10वीं और 12वीं परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। साथ ही के टॉप 25 अभ्यर्थियों की सूची भी जारी कर दी है। इस सूची में लड़के और लड़कियों को संयुक्त रूप से शामिल किया गया है। वहीं राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परीक्षाओं में टॉप करने वाले विद्यार्थियों से फोन पर बात की।

सीएम धामी ने हाई स्कूल की परीक्षा में पहला, दूसरा और तीसरा स्थान पाने वाले अक्षत गोपाल, इशांत कोठारी, भूमिका और योगेश जोशी के साथ-साथ इंटरमीडिएट की परीक्षा में पहला स्थान पाने वाली गीतिका पंत और सुशीला मेंदीरत्ता, दूसरा स्थान पाने वाले आर्यन और तीसरा स्थान पाने वाली वंशिका को बधाई दी। उन्होंने सभी को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने अभिभावकों और शिक्षकों के योगदान को बताया अहम

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इन प्रतिभाशाली छात्रों ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन से न केवल अपने परिवारों और जिलों बल्कि पूरे राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने पूरा विश्वास जताया कि वे भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करते रहेंगे और समाज और देश के निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे। सीएम ने अभिभावकों एवं शिक्षकों के योगदान की भी सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से ही छात्र-छात्राएं इस प्रकार की सफलता प्राप्त कर पाते हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए खास संदेश भी दिया। सीएम ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर आगे बढ़ें तथा राज्य एवं देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए प्रतिबद्ध है तथा मेधावी विद्यार्थियों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

शिक्षा मंत्री ने टॉपर छात्रों को दी बधाई

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा बोर्ड के परीक्षा परिणाम जारी करने के बाद मुख्यमंत्री धामी के अलावा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने टॉपर छात्रों से फोन पर बात की और उनके भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

अक्षत गोपाल ने 10वीं में किया टॉप

बता दें कि 10वीं में 92.10% छात्र पास हुए हैं, जिसमें अक्षत गोपाल ने 98.2% अंकों के साथ टॉप किया है, जबकि 12वीं में गीतिका और सुशीला ने 98% अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया है। बोर्ड का रिजल्ट आने के बाद स्कूलों और बच्चो में खुशी का माहौल है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews