Hindi News

राज्य स्थापना दिवस रजत जयंती समारोह: 75 हजार लोग बनेंगे गवाह, पीएम मोदी होंगे शामिल

Written by:Neha Sharma
Published:
उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती पर नौ नवंबर को होने वाला मुख्य समारोह इस बार ऐतिहासिक होने जा रहा है। देहरादून स्थित एफआरआई (वन अनुसंधान संस्थान) परिसर में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे।
राज्य स्थापना दिवस रजत जयंती समारोह: 75 हजार लोग बनेंगे गवाह, पीएम मोदी होंगे शामिल

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती पर नौ नवंबर को होने वाला मुख्य समारोह इस बार ऐतिहासिक होने जा रहा है। देहरादून स्थित एफआरआई (वन अनुसंधान संस्थान) परिसर में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। प्रशासन ने बताया कि लगभग 75 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए चार बड़े पंडाल लगाए गए हैं। गढ़वाल और कुमाऊं के लोक कलाकार इस अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे, जबकि हर जिले से आने वाले विशिष्ट लोगों को भी सम्मानित किया जाएगा।

75 हजार लोग बनेंगे रजत जयंती समारोह के गवाह

यह रजत जयंती समारोह एक नवंबर से ही राज्यभर में जारी है। अलग-अलग जिलों में सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से राज्य निर्माण के संघर्ष और उपलब्धियों को याद किया जा रहा है। नौ नवंबर के मुख्य आयोजन को लेकर एफआरआई में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। परिसर में एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं, ताकि दूर बैठे लोग भी कार्यक्रम का आनंद ले सकें। प्रशासन का कहना है कि इस आयोजन में हजारों स्कूल छात्र भी भाग लेंगे।

कार्यक्रम में राज्य निर्माण आंदोलन से जुड़े आंदोलनकारियों और शहीदों के परिवारों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। यह राजधानी में अब तक के सबसे बड़े आयोजनों में से एक माना जा रहा है। समारोह को देखते हुए हर साल नौ नवंबर को आयोजित की जाने वाली पुलिस रैतिक परेड को इस बार दो दिन पहले, यानी सात नवंबर को कर दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस ने सभी जिलों की फोर्स और पीएसी की तैनाती के आदेश दिए हैं।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने किया बताया?

जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि एफआरआई परिसर में अधिकतर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सभी विभागों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में कोई कमी न रह जाए। प्रशासन कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाने में जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि रजत जयंती समारोह राज्य की उपलब्धियों के साथ ही जनता की एकता और भावना का प्रतीक बनेगा।

राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान में आठ नवंबर को तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पुलिस लाइन रेसकोर्स में तहसील सदर और मसूरी के अंतर्गत आने वाले आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जाएगा। ऋषिकेश और डोईवाला क्षेत्र के आंदोलनकारियों के लिए कार्यक्रम पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर, ऋषिकेश में होगा। वहीं, विकासनगर और चकराता क्षेत्र के आंदोलनकारियों को तहसील विकासनगर में सम्मानित किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने कहा कि रजत जयंती समारोह राज्य आंदोलन की ऐतिहासिक यात्रा को याद करने और नई पीढ़ी को उससे प्रेरित करने का अवसर है।

Neha Sharma
लेखक के बारे में
A Passionate Digital News writer with deep expertise. Doing Sharp analysis with engaging storytelling. View all posts by Neha Sharma
Follow Us :GoogleNews