विदिशा में कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमकर हंगामा देखने को मिला। दरअसल, राहुल गांधी सहित कांग्रेस और विपक्ष नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार के देर रात कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। सभी माधवगंज चौराहे पर पहुंचे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए।
माधवगंज चौराहे पर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंकने की कोशिश की। हालांकि वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने पुतला छीन लिया। कुछ समय तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झूमा झटकी भी हुई। इसके बाद वॉटर कैनन का इस्तेमाल कर कार्यकर्ताओं को मौके से हटाया गया।
क्यों हुआ विरोध प्रदर्शन
इस प्रदर्शन के बारे में कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहित रघुवंशी ने जानकारी देते हुए बताया कि राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं को दिल्ली में निर्वाचन आयोग की तरफ निकाले गए मार्च के दौरान हिरासत में लिया गया है। यही वजह है कि केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ विरोध जताया गया है।
जमकर नारेबाजी और पुतला दहन
कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन को जारी रखने की बात कही है। उनका कहना है कि राहुल गांधी के सम्मान के लिए हम प्रदर्शन करते रहेंगे। इस दौरान यह भी कहा गया कि केंद्र सरकार शांतिपूर्ण आंदोलन को दबाने की कोशिश रही है। इस पूरे आंदोलन के दौरान जमकर नारेबाजी की गई। जब भीड़ बढ़ गई और स्थिति बिगड़ने लगी तो पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल कर प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को हटाया।






