विदिशा: त्योहारी सीजन को देखते हुए मध्यप्रदेश में मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान लगातार जारी है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में टीमों द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों पर जांच और छापेमारी कर मिलावटी एवं संदिग्ध खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। ताजा मामला विदिशा से सामने आया है जहां खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में संदिग्ध घी एवं अन्य खाद्य पदार्थों को बरामद किया है।
बता दें कि उपभोक्ताओं की शिकायत के बाद जिला प्रशासन, राजस्व और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की अंजाम दिया है। टीम ने मुखर्जी नगर स्थित एक घी बनाने वाली फैक्ट्री पर निरीक्षण किया। इस दौरान प्रशासन की टीम ने मौके से भारी मात्रा में संदिग्ध घी और खाद्य पदार्थों में मिलाए जाने वाले संदिग्ध रंग बरामद किये हैं।
घी में मिलावट की शिकायत पर फैक्ट्री में पहुंची टीम
बता दें कि एक उपभोक्ता ने फैक्ट्री में बने घी में मिलावट और गड़बड़ी की आशंका को लेकर शिकायज दर्ज कराई थी। इसके बाद एसडीएम मनीष जैन, तहसीलदार प्रीति पंथी और खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने उपभोक्ता की शिकायत को गंभीरत से लेते हुए तत्काल ही संचालित फैक्ट्री पर दबिश दी।
300 किलोग्राम से अधिक संदिग्ध घी जब्त
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने जब फैक्ट्री का निरीक्षण किया तो वहां पर अलग-अलग ब्रांड और पैकेजिंग में घी को तैयार किया जा रहा था। इसके अलावा, पैकिंग मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। टीम को फैक्ट्री के अंदर से कुछ रासायनिक और अन्य संदिग्ध सामग्रियां भी बरामद हुई हैं। इसके बाद टीम ने तत्काल ही 300 किलोग्राम से अधिक संदिग्ध घी जब्त किया गया है। साथ ही घी के नमूने लेकर जांच के लिये प्रयोगशाला भेज दिये गये। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, जांच की रिपोर्ट आने के बाद की नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी।





