प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर देशभर में अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मध्य प्रदेश में भी सेवा संकल्प अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत हर जिले में दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन हुआ। विदिशा में भी इस अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस आयोजन में सेवा, संकल्प और आस्था का संगम दिखाई दिया। यहां बेतवा नदी के किनारे 11 हजार दीपकों से पीएम मोदी का नाम लिखा गया। नदी किनारे मौजूद बाढ़ वाले गणेश मंदिर में ये कार्यक्रम हुआ। इसके अलावा शहर के 39 वार्डों में 21 हजार दीपक जलाए गए।
दीपकों से लिखा पीएम का नाम
शहर के प्रसिद्ध गणेश मंदिर में दीपकों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लिखा गया।इस दौरान भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद थे। पूरे मंदिर में दीपक से सजावट की गई थी। इस सजावट के बाद पूरे मंदिर की छटा देखने लायक थी।
39 वार्डों में 21 हजार दीपक
सेवा संकल्प कार्यक्रम के तहत विदिशा के 39 वार्डों में 21 हजार दीपक जलाए गए। अलग-अलग स्थान पर हुए इस आयोजन के तहत जनकल्याण, सेवा और संकल्प का संदेश दिया गया। इस दौरान विधायक मुकेश टंडन, कलेक्टर अंशुल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक रोहित कासवानी, भाजपा के पदाधिकारी कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे।
नुक्कड़ नाटक का आयोजन
दीपोत्सव के इस कार्यक्रम के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी उम्र की प्रार्थना की है। साथ ही नशे के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक का आयोजन भी किया गया। लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
लाभार्थियों तक पहुंचेगी योजनाएं
इस मौके पर विधायक मुकेश टंडन ने बताया की सेवा संकल्प अभियान के तहत केंद्र और मध्य प्रदेश सरकार की योजनाओं को लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें सभी जन कल्याणकारी योजनाएं शामिल होंगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के शासन के 25 साल पूरे होने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री के पद तक उन्होंने बिना विश्राम किए देश की सेवा की है। आज दीप जलाकर भगवान गणेश से उनके उत्तम स्वास्थ्य और लगातार देशसेवा की प्रार्थना की है।






