Sheep walking in circle since 2 week : भेड़चाल वाली कहावत हम सभी ने सुनी है। इस कहावत का अर्थ है देखा देखी काम करना। दरअसल एक भेड़ जो करती है, दूसरी भेड़ें उसी का अनुसरण करने लगती है। इसी बात से ये कहावत बनी है। लेकिन हाल ही में जो घटना सामने आई, वो अचरज में डालने वाली है। पिछले 12 दिन भेड़ों का एक झुंड एक के पीछे एक गोलाई में लगातार घूम रहा है। इस घटना के सामने आने से सभी हैरान हैं।
दो हफ्ते तक गोल गोल घूमती रही भेड़ें
ये घटना दो हफ्ते पहले उत्तरी चीन की है जिसका वीडियो अब सामने आया है। वीडियो में हम देख सकते हैं कि ढेर सारी भेड़ें एक के पीछे एक गोलाई में लगातार घूम रही हैं। शुरुआत में कुछ भेड़ों ने ऐसा किया और फिर धीरे धीरे बाकी भेड़ें भी उसी तरह गोल गोल घूमने लगी। ये सिलसिला करीब 2 हफ्तों तक चलता रहा। इनके मालिक मियाओ ने कहा कि कुछ भेड़े पास में अलग से शांत भी खड़ी रही, लेकिन ज्यादातर लगातार गोल गोल चक्कर लगा रही थी। ये देखकर आसपाल वाले लोग हैरान थे। खास बात ये कि सारी भेड़ें स्वस्थ थी। जानकारी के मुताबिक वहां भेड़ों के 34 बाड़े थे जिनमें से 13 नंबर बाड़े की भेड़ें इस तरह का व्यवहार कर रही थी।
लिस्टेरियोसिस बैक्टीरिया हो सकता है कारण
इस मामले में डॉक्टरों का कहना है कि इसके पीछे लिस्टेरियोसिस नाम का बैक्टीरिया हो सकता है। इसके कारण जानवर गोल गोल घूमने लगते हैं। डॉक्टरों के मुताबिक यह आमतौर पर खराब साइलेज से जुड़ा है। इस बीमारी में दिमाग के एक हिस्से में सूजन आ जाती है और इससे जानवरों को चक्कर आने लगते हैं। कई बार उनके शरीर का कोई हिस्सा पैरालाइज भी हो सकता है। इस बीमारी से प्रभावित होने पर जानवर डिसओरिएंटेड हो जाते हैं।
