इस युवक ने गिने अपने सिर के बाल, पाँच दिन तक चला काउंटिंग मिशन, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

हमारे सिर पर कितने बाल होंगे ये बात बालों के रंग और प्रकार पर निर्भर करती है। मसलन, सुनहरे (blonde) बालों वाले लोगों के सिर पर सबसे ज्यादा, यानी करीब 1,50,000 बाल हो सकते हैं, जबकि लाल बालों वालों के पास सबसे कम लगभग 90,000 बाल होते हैं। वहीं, हर दिन 50 से 100 बाल झड़ना सामान्य है। ऐसे में अगर आप सिर के बाल गिनने की कोशिश करेंगे तो जब तक गिनती पूरी होगी, शायद कुछ बाल कम हो चुके होंगे।
hair counting viral video

Social Media Viral : क्या आपने कभी सोचा है कि आपके सिर पर कितने बाल हैं ?  क्या कोई इंसान अपने सारे बालों की गिनती कर सकता है ? यह सवाल जितना अटपटा लगता है, उतना ही दिलचस्प भी है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक युवक अपने सिर के बाल गिनने का दावा कर रहा है। इतना ही नहीं..उसने तो गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स और लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में इसे लेकर दावा भी कर दिया।

वैज्ञानिकों का कहना है कि औसतन एक इंसान के सिर पर 80,000 से 1,20,000 बाल होते हैं। लेकिन क्या कोई इंसान वाकई में अपने सिर के हर एक बाल को गिन सकता है? हमारे बड़े बुजुर्ग इस बारे में एक बात कहा करते थे कि इंसान के सिर के बाल और आसमान के तारे गिनना एक समान है। इसका अर्थ ये हुआ कि ये बात लगभग असंभव सी है।

सोशल मीडिया वायरल

इन दिनों सोशल मीडिया पर हमें कई ऐसे वीडियो देखने को मिल जाते हैं..जो हैरान कर देते हैं। हाल ही में एक युवक ने कुछ ऐसा ही हैरतभरा कारनामा किया। उसने अपने सिर के बाल गिनने का दावा किया है। ये वीडियो इंस्टाग्राम पर countryman.ind नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। इसके लिए उसे पूरे पाँच दिन का समय लगा।

युवक ने किया अपने सिर के बाल गिनने का दावा

इस युवक ने सबसे पहले अपने सिर के सारे बाल मुंडवा लिए और बालों को इकट्ठा कर लिया। इसके बाद उसने बालों को गिनने का सिलसिला शुरु किया। इसके लिए हर हज़ार काउंट के बाद एक टोकरी में एक छोटा पत्थर डाला। और फिर बाल गिनने का क्रम पूरे पाँच दिन तक चलता रहा। उसके मुताबिक़ हर दिन लगभग दस-बारह घंटे तक बाल गिनता रहा। और अंत में उसने बताया कि उसके सिर पर 91 हज़ार 300 बाल थे। इस बीच उसने गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स और लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी अप्लाई कर दिया। लेकिन लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने इसके लिए इनकार कर दिया और उसके मुताबिक गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने इसके लिए बारह सौ डॉलर मांगे तो उसने मना कर दिया। इस वीडियो को लेकर हम कोई दावा नहीं करते हैं कि इसमें कितनी सत्यता है लेकिन इंस्टा यूजर्स इसपर कई मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं। एक ने लिखा है कि ‘हम कैसे विश्वास करें कि तुम्हारी काउंटिंग सही है’ तो दूसरा लिख रहा है ‘देश का युवा कितना बेरोजगार है।’ वहीं एक यूजर ने तो बाल गिनने को ‘बाल मजदूरी’ करार दिया है। फ़िलहाल ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

View this post on Instagram

A post shared by CountryMan (@countryman.ind)

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews