MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

अनूपपुर में दिल दहला देने वाली घटना, युवक ने नाना-नानी, मां समेत अन्य लोगों पर किया हमला, तीन सदस्यों की मौत, कई घायल

अनूपपुर के अमोदा बिजौरा में युवक ने लाठी-पत्थर से अपने नाना-नानी, मां और अन्य परिजनों पर हमला कर दिया। जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हैं। पुलिस ने आरोपी प्रेम सिंह को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Anuppur News

मध्यप्रदेश के अनूपपुर से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जहां एक युवक ने अपने ही नाना-नानी, मां और मामा की बेटी पर लाठी-पत्थर से हमला कर दिया। इस हमले में परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया गया है।

बता दें कि यह घटना जिले के ग्राम अमोदा बिजौरा की है। जानकारी के अनुसार ग्राम मरदरी, थाना नौरोजाबाद निवासी प्रेम सिंह करीब एक सप्ताह पहले अपनी मां के साथ ग्राम अमोदा बिजौरा स्थित अपने नाना-नानी के घर आया था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को किसी बात को लेकर उसका सनी धाम के पंडा गंगा सिंह से विवाद हो गया और आरोपी ने उनके साथ मारपीट कर दी। जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़कर उसके नाना-नानी के घर पहुंचा दिया। जहां आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

क्या है पूरा मामला?

आरोप है कि युवक जब मामा के घर पहुंचा तो उसने नाना और नानी पर लाठी से हमला कर दिया। जिसके बाद दोनों ही लहूलुहान होकर जमीन पर जा गिरे और मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद युवक यहां तक नहीं रूका, उसने अपनी मां को भी लाठी और पत्थर से बुरत तरह पीटा और हमले की चपेट में मामा की बेटी मोनिका भी आ गई। जो गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद युवक ने दो ममेरी बहनों और दो मामाओं पर भी हमला किया, जो घायल हो गई। इस घटना में अब तक नाना, नानी और मां तीनों की मौत हो गई है। वहीं अन्य चार लोग घायल हैं। घायलों को इलाज के लिये अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही अनूपपुर एसपी समेत पुलिस का अमला मौके पर पहुंच गया है। घटनास्थल पर उमरिया और अनूपपुर दोनों जिलों की पुलिस मौजूद है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने आरोपी प्रेम सिंह को हिरासत में ले लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार घटना की जानकारी

उमरिया अजाक थाना डीएसपी विजय सिंह परस्ते ने घटना की जानकारी देते हुये बताया कि अमोदा के बिजोराटोला में यह वारदात घटी है। आरोपी प्रेम सिंह पिता सुहानी सिंह, निवासी ग्राम मरदरी, उमरिया निवासी है। अमोदा बिजौरा, अनूपपुर में आरोपी का ननिहाल है। पुलिस ने पहले एक पुजारी के साथ मारपीट की, जिसके बाद वह अपने ननिहाल आ गया। आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया गया जा रहा है। इसलिये ननिहाल में इसे बांधकर रखा गया था।

पुलिस ने बताया कि थोड़े समय के लिये आरोपी की मां ने रस्सी को खोल दिया। जिसके बाद आरोपी ने एक एक करके परिवार के सदस्यों पर हमला किया। हमले के बाद तीन लोगों की मौके पर मौत और तीन अन्य लड़कियों एवं दो मामा गंभीर रूप से घायल हैं। जिनका उपचार अस्पताल में जारी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के वास्तविक कारणों तथा मृतकों एवं घायलों की आधिकारिक जानकारी पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।

उमरिया से ब्रजेश श्रीवास्तव की रिपोर्ट

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews
अनूपपुर में दिल दहला देने वाली घटना, युवक ने नाना-नानी, मां समेत अन्य लोगों पर किया हमला, तीन सदस्यों की मौत, कई घायल - MP Breaking News