जल्द ही भारत में एंट्री करेगी टेस्ला, मुंबई में शुरू करेगी अपना पहला शोरूम, जगह हुई फाइनल!

टेस्ला जल्द ही भारत में दस्तक दे सकती है। कंपनी मुंबई में अपना पहला शोरूम शुरू कर सकती है। रिपोर्ट्स की माने तो इसके लिए जगह फाइनल कर ली गई है। यह खबर टेस्ला की कारों का इंतजार कर रहे ग्राहकों के लिए बेहद शानदार मानी जा रही है।
जल्द ही भारत में एंट्री करेगी टेस्ला, मुंबई में शुरू करेगी अपना पहला शोरूम, जगह हुई फाइनल

देश में लंबे समय से टेस्ला की कारों का इंतजार किया जा रहा है। अब टेस्ला की कारों को लेकर एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। दरअसल, दुनिया की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक व्हीकल मैन्युफैक्चरर टेस्ला भारत में अपना पहला शोरूम खोलने जा रही है। यह शोरूम मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में खोला जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो कंपनी ने हाल ही में इसके लिए डील फाइनल कर ली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस शोरूम के लिए कंपनी ने मुंबई में 4,000 स्क्वायर फीट की जगह ली है, जो कि एक कमर्शियल टावर के ग्राउंड फ्लोर पर है।

मुंबई में शुरू होने वाले इस शोरूम से ही कंपनी अपने कार मॉडल्स को सेल और शोकेस भी करेगी। इस शोरूम को कंपनी किराए पर ले रही है, जिसका मंथली रेंट करीब 35 लाख रुपये बताया जा रहा है। यह एग्रीमेंट 5 साल के लिए किया गया है।

मुंबई के बाद कंपनी दिल्ली में भी अपना स्टोर खोल सकती है

टेस्ला की कारों का भारत में लॉन्च होना उन सभी ग्राहकों के लिए बड़ी खुशखबरी है, जो इसका इंतजार कर रहे थे। मुंबई के बाद कंपनी दिल्ली में भी अपना स्टोर खोल सकती है। संभावना जताई जा रही है कि दिल्ली में शुरू होने वाला स्टोर एयरोसिटी कॉम्प्लेक्स में हो सकता है। बता दें कि हाल ही में प्रधानमंत्री के अमेरिका दौरे के दौरान एलन मस्क की प्रधानमंत्री से मुलाकात हुई थी। इसके बाद टेस्ला की ओर से भारत में नौकरियों के लिए वैकेंसी की बात भी कही गई थी, जिससे यह संभावना जताई जा रही थी कि कंपनी भारत में जल्द ही अपना स्टोर ओपन कर सकती है। मुंबई में शोरूम खुलने के बाद टेस्ला भारत में नौकरियों की संख्या भी बढ़ा सकती है।

अप्रैल में भारत में एंट्री ले सकती टेस्ला

वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो कंपनी अप्रैल में भारत में एंट्री ले सकती है और अपनी कारों की बिक्री शुरू कर सकती है। हालांकि, यह साफ हो गया है कि कंपनी फिलहाल भारत में अपनी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट नहीं लगाएगी। कारों का निर्माण बर्लिन ब्रांडेनबर्ग गीगा फैक्ट्री में किया जाएगा और फिर भारत में सेल किया जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी भारत में अपनी सबसे किफायती ईवी लॉन्च कर सकती है, जिसकी कीमत 25,000 डॉलर (लगभग 21.71 लाख रुपये) हो सकती है। वहीं, इम्पोर्ट पॉलिसी के चलते भारत में इस कार की कीमत 36 लाख रुपये तक हो सकती है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews