Balaghat News : लोकायुक्त पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 लाख रुपए की रिश्वत लेते सीएमओ गिरफ्तार

jabalpur

Balaghat News : बालाघाट जिले में जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने मलाजखंड सीएमओ शिवप्रसाद धुर्वे को दो लाख रूपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। लोकायुक्त डीएसपी दिलीप झरवड़े ने बताया कि ठेकेदार सुशील चंदेल से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के 39 लाख 9 हजार 906 रूपये का बिल निकालने और एक टेंडर को लेकर सीएमओ ने दो लाख रूपये की रिश्वत की मांग की थी। जिसकी शिकायत के बाद जांच में मामला सही पाये जाने पर आज टीम के साथ कार्यवाही की गई है। जिसमें सीएमओ को कलेक्ट्रेट गेट के सामने रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा गया। इस मामले में अभी कार्यवाही की जा रही है। वहीं सूत्रो की मानें तो जिस डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के बिल के भुगतान के लिए सीएमओ ठेकेदार से रिश्वत मांग रहे थे। उस बिल को भुगतान करने के आदेश हाईकोर्ट द्वारा पूर्व में किये जा चुके है, यही नही बल्कि इसका प्रस्ताव भी परिषद में लिया जा चुका है। बावजूद इसके सीएमओ धुर्वे ठेकेदार से रिश्वत मांग कर रहे थे।

यह है मामला

ठेकेदार सुशील चंदेल की मानें तो वर्ष 2018 से 2022 तक डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के बकाया बिल 39 लाख 9 हजार 906 रूपये के भुगतान और मेरे द्वारा लगाये गये टेंडर पर काम दिलाने के नाम पर तीन लाख रूपये की रिश्वत की मांग की थी। जिसमें मेरे द्वार दो लाख रूपये देने कहा गया, जिस पर वह सहमत हो गये थे। जिसकी शिकायत मेरे द्वारा जबलपुर लोकायुक्त पुलिस को की गई थी। जिसमें आज लोकायुक्त पुलिस ने सीएमओ धुर्वे को मेरे से दो लाख रूपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा गया है। सुशील चंदेल ने बताया कि मुझे सीएमओ ने रिश्वत के लिए परेशान कर दिया था। पिछले भुगतान और कम दर में मेरे द्वारा डाले गये टेंडर को परिषद द्वारा पास किये जाने के बावजूद इनके द्वारा कैंसल कर दिया गया था। जिसके लिए वह 30 प्रतिशत कमीशन की मांग कर रहे थे। जब मैने इतनी राशि देने में असमर्थता जताई तो वह 15 प्रतिशत कमीशन लेने पर नये टेंडर में मदद का भरोसा दिलाया था। जिनके कमीशन मांगने पर वह काफी परेशान थे और इसी कारण उन्होंने इसकी शिकायत लोकायुक्त से की थी।

[dgv_vimeo_video id=”864444172″]

लोकायुक्त पुलिस जबलपुर डीएसपी दिलीप झरवड़े ने बताया कि नगरपालिका मलाजखंड के सीएमओ द्वारा ठेकेदार सुशील कुमार चंदेल से वर्ष 2018-2022 तक किये गये कार्यो के बकाया राशि भुगतान और एक टेंडर को लेकर 2 लाख रूपये रिश्वत की मांग की गई थी। जिसकी शिकायत हमें मिली थी। शिकायत सत्य पाये जाने पर आज योजनाबद्व तरीके से सीएमओ को ठेकेदार से दो लाख रूपये की रिश्वत लेते हुए टीम के साथ कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट के सामने रंगेहाथ पकड़ा गया है। जिनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्यवाही की जा रही है।
बालाघाट से सुनील कोरे की रिपोर्ट

[dgv_vimeo_video id=”864444527″]

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews