बालाघाट PWD के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर कमलकिशोर सिंगारे के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने कार्रवाई की है। दरअसल गुरुवार सुबह करीब 6 बजे EOW जबलपुर की टीम ने बालाघाट स्थित उनके सरकारी आवास पर छापा मारा। जांच के दौरान टीम ने उन्हें घर पर ही जगाकर तलाशी शुरू की।
EOW के अनुसार अब तक की जांच में करीब 11 करोड़ रुपये की संपत्ति सामने आई है, जिसे उनकी आय से करीब 200 गुना ज्यादा बताया गया है। कार्रवाई के दौरान बालाघाट, छिंदवाड़ा और भोपाल स्थित ठिकानों पर एक साथ जांच की गई।
छिंदवाड़ा में करोड़ों की संपत्ति
वहीं बालाघाट में कार्रवाई के बाद EOW की टीम कमलकिशोर सिंगारे को छिंदवाड़ा स्थित आवास लेकर पहुंची। यहां जांच के दौरान उनके और उनके रिश्तेदारों के नाम पर करोड़ों रुपये की संपत्ति का पता चला। EOW के मुताबिक छिंदवाड़ा स्थित ठिकाने से करीब 3 करोड़ रुपये की जमीन और मकान, 7.50 लाख रुपये नकद, 1 करोड़ रुपये के घरेलू सामान, 52 लाख रुपये के सोने के गहने और 1.20 लाख रुपये के चांदी के गहने मिले। इसके अलावा दो चार पहिया वाहन जिनकी कीमत करीब 49 लाख रुपये बताई गई है तीन दोपहिया वाहन करीब 4 लाख रुपये के और करीब 1.50 करोड़ रुपये का शॉपिंग कॉम्प्लेक्स भी जांच में सामने आया। वहीं बालाघाट स्थित सरकारी आवास से भी करीब ढाई लाख रुपये नकद और लगभग 25 लाख रुपये का एक वाहन बरामद किया गया।
12 बैंक खाते और फार्म हाउस भी जांच में शामिल
दरअसल जांच के दौरान भोपाल स्थित आवास से करीब 2 करोड़ रुपये की जमीन और मकान के साथ करीब 3.50 लाख रुपये के घरेलू सामान की इवेंट्री भी मिली है। EOW को कमलकिशोर सिंगारे और उनके परिवार के नाम पर अलग-अलग बैंकों में 12 बैंक खाते भी मिले हैं। टीम इन खातों में जमा रकम की जानकारी जुटा रही है। छिंदवाड़ा स्थित फार्म हाउस भी जांच के दायरे में है। EOW के अनुसार वहां जमीन और निर्माण पर करीब 2 करोड़ रुपये खर्च होने की जानकारी मिली है। फार्म हाउस की छत पर स्विमिंग पूल भी बना हुआ है। वहीं से करीब 8 लाख रुपये का महिंद्रा ट्रैक्टर, 1.50 लाख रुपये की ट्रॉली और करीब 5 लाख रुपये के अन्य कृषि उपकरण भी मिले हैं।






