
PM Modi In Balaghat : प्रधानमंत्री मोदी लोकसभा चुनाव प्रचार को लेकर आज मध्य प्रदेश के बालाघाट पहुंचे और यहां उन्होंने मध्य प्रदेश की जनता को संबोधित किया। अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने अपने और अपनी सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की जमकर बात कही। इतना ही नहीं, उन्होंने यह तक कहा कि उनके द्वारा किए गए काम भविष्य में किए जाने वाले कामों की तुलना में बहुत छोटे हैं।

क्यों विकास कार्यों को ट्रेलर कहते हैं मोदी
दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी जब जनता के बीच अपनी सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की बात कर रहे थे तब उन्होंने कहा कि अक्सर लोग मेरे और मेरी सरकार द्वारा किए गए कार्यों के लिए मुझसे सवाल करते हैं कि मोदी जी आप इन कामों को ट्रेलर क्यों कहते हैं?
दिया फुलझड़ी और रॉकेट का उदाहरण
इस बात पर अपना जवाब देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने दिवाली के दौरान जलाने वाले रॉकेट और फुलझड़ी का उदहारण दिया। पीएम मोदी ने कहा कि जिस तरह फुलझड़ी जलाकर रॉकेट को आसमान में भेजा जाता है, लेकिन लोग फुलझड़ी जलती हुई देखकर भी खुश होते हैं। अगर सही मायने में बात की जाए तो फुलझड़ी का असली लक्ष्य रॉकेट को आसमान की ऊंचाइयों पर ले जाना है।
सभी भारतीयों के सामर्थ्य के साथ मिलकर अभी असली दिवाली मनाना बाकी है…
इसी तरह अभी तक किए गए विकास कार्य इस फुलझड़ी की तरह थे जो आगे आने वाले विकास के रॉकेट को ऊपर ले जाने में मददगार साबित होंगे। पीएम मोदी ने कहा सभी भारतीयों के सामर्थ्य के साथ मिलकर अभी असली दिवाली मनाना बाकी है।
की सीएम मोहन यादव की तारीफ
अपने बालाघाट दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने सीएम मोहन यादव और उनकी सरकार की भी जमकर तारीफ की। पीएम मोदी ने कहा कि हमारे युवा साथी मोहन यादव और उनकी सरकार गरीब और आदिवासी समाज के कल्याण के लिए दिन रात काम कर रही है।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

