बैतूल: मध्यप्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में पुलिस अवैध नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुये आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज रही है। इसी क्रम में बैतूल जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुये अवैध गांजे की खेती का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से गांजे के हरे पौधे जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
बता दें कि जिले के बोरदेही थाना पुलिस ने ग्राम बोदुड़ में मक्का की बाड़ी के बीच अवैध रूप से उगाए गये गांजे के 29 हरे पौधे जब्त किए हैं। पुलिस ने मामले में 42 वर्षीय आरोपी भूरा अखण्डे को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे के पौधों का कुल वजन 7.450 किलोग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 44,700 रुपये है।
पुलिस के अनुसार, बोरदेही थाने की पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बोदुड़ रैय्यत निवासी भूरा अखण्डे ने मक्का की बाड़ी में गांजे के पौधे उगा रखे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस एक्टिव हो गई एवं सीधा खेत पर पहुंच गई। पुलिस को तलाशी के दौरान मक्का की फसल के बीच गांजे की हरे पौधे मिले। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से गांजे की फसल को उखाड़कर पौधों को जब्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक ने लोगों से की अपील
गांजे की कार्रवाई के बाद पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने आमजन से अपील की है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती, निर्माण, परिवहन एवं बिक्री जैसी गतिविधियों से वेधियों से दूर रहें। गांजा सहित अन्य मादक पदार्थों का अवैध कारोबार कानूनन अपराध है और इसमें संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि.. यदि किसी व्यक्ति को अपने आसपास अवैध मादक पदार्थों की खेती, बिक्री या तस्करी के संबंध में कोई जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाने अथवा पुलिस को दें। सूचना देने वाले नागरिकों की पहचान गोपनीय रखने का यथासंभव ध्यान रखा जाएगा। नशामुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें।
धार में भी गांजे की खेती का खुलासा
बता दें कि शुक्रवार को धार जिले में भी गांजे की खेती का खुलासा हुआ था। जहां राजगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चोबारा में आरोपी द्वारा कपास और तुअर की फसल के बीच गांजे के पौधे उगाये गये थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुये मौके से 3345 पौधे बरामद किये। जो करीब 37 क्विंटल वजनी पौधे हैं। बरामद किये गये गांजे के पौधों की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 43 लाख रुपये आंकी गई है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और दूसरा आरोपी फरार है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
*ग्राम बोदुड़ में मक्का की बाड़ी में उगाए जा रहे गांजे के पौधे बरामद, आरोपी गिरफ्तार*
*29 हरे गांजे के पौधे, कुल वजन 7.450 किलोग्राम, जप्त*
*जप्त गांजे के पौधों की अनुमानित कीमत 44,700 रुपये*
#betulpolice #mppolice @BetulProjs @DGP_MP @DigHbd @igp_hbd @mohdept @MPPoliceDeptt https://t.co/oVn4POXqNg— SP BETUL (@SP_BETUL_) October 17, 2026





