भिंड के सदर बाजार में मंगलवार शाम करीब 7:15 बजे एक किराना व्यापारी को उसकी दुकान से जबरन उठाकर ले जाने की घटना सामने आई है। दरअसल काली स्कॉर्पियो से आए दो युवक दुकान के अंदर पहुंचे और 42 वर्षीय नितेश जैन पुत्र पदमचंद जैन को हाथ पकड़कर बाहर लाए। इसके बाद उन्हें स्कॉर्पियो में बैठाकर ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने व्यापारी की तलाश शुरू कर दी।
वहीं दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में काली स्कॉर्पियो दुकान के सामने रुकती दिखाई दे रही है। इसके बाद दो युवक गाड़ी से उतरकर दुकान के अंदर जाते हैं। दोनों व्यापारी को पकड़कर बाहर लाते हैं और स्कॉर्पियो में बैठाकर वहां से निकल जाते हैं। सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली और देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
डेढ़ से दो करोड़ के लेन-देन का विवाद
दरअसल पुलिस की शुरुआती जांच में व्यापारी को दुकान से ले जाने के पीछे रुपयों के लेन-देन का विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि व्यापारी के परिवार से जुड़े लोगों के बीच काफी समय से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते व्यापारी को दुकान से उठाकर ले जाने की बात सामने आई है। वहीं परिवार की ओर से पहले चार करोड़ रुपए की मांग किए जाने की बात भी सामने आई थी। हालांकि पुलिस अब लेन-देन से जुड़े विवाद और वास्तविक रकम की जानकारी जुटा रही है।
शुरूआती जांच में क्या सामने आया?`
वहीं शुरुआती जांच में विवाद की रकम करीब डेढ़ से दो करोड़ रुपए बताई जा रही है। पुलिस व्यापारी से पूछताछ कर रही है, जिससे पूरे मामले और उसे दुकान से ले जाने के कारणों की जानकारी जुटाई जा सके। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर काली स्कॉर्पियो और उसमें सवार लोगों की तलाश शुरू की। अलग-अलग थाना पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई। इसी दौरान अटेर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए व्यापारी को चार आरोपियों के कब्जे से मुक्त करा लिया।
चार आरोपियों की पहचान की जा रही
दरअसल CSP निरंजन राजपूत के मुताबिक शुरुआती जानकारी में मामला लेन-देन के विवाद से जुड़ा है। इसी विवाद के चलते कुछ लोग किराना व्यापारी को दुकान से उठाकर ले गए थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाश शुरू की और अटेर थाना पुलिस ने व्यापारी को चार आरोपियों के कब्जे से मुक्त करा लिया। फिलहाल पुलिस चारों आरोपियों की पहचान कर रही है।






