कलेक्टर को कहा प्रमोटी घोड़ा, अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने पर बैठे चौधरी राकेश सिंह

कलेक्टर को कहा प्रमोटी घोड़ा, अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने पर बैठे चौधरी राकेश सिंह

गणेश भारद्वाज/भिंड। कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री चौधरी राकेश सिंह ने भिंड कलेक्टर को प्रमोटी घोड़ा कहा है। इसी के साथ उन्होने पूर्व कलेक्टर इलैया राजा टी की की जमकर तारीफ की। आईएएस इलैया राजा वर्तमान में मुख्यमंत्री कार्यालय में उपसचिव के पद पर कार्यरत हैं।

चौधरी राकेश सिंह भिंड की आम समस्याओं को लेकर आज अपनी ही सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन पर बैठ गए हैं। गोल मार्केट पर आयोजित इस धरने से पहले समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ चौधरी राकेश सिंह ने अटेर रोड से लेकर गांधी मार्केट तक एक पदयात्रा निकाली। इस पदयात्रा में भ्रष्टाचार विरोधी नारे लगाए गए। भिंड में बदहाल सड़कें, दूषित पानी और सीवर निर्माण में अनियमितताओं और गुणवत्ता विहीन निर्माण कार्य के चलते यह धरना प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है । धरना स्थल से जन समुदाय को संबोधित करते हुए चौधरी राकेश सिंह ने कहा कि यदि शासन प्रशासन ने 2 दिन में हमारी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया और कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया तो 2 दिन बाद मैं आमरण अनशन पर बैठ जाऊंगा। शहर में लोग त्राहि-त्राहि कर रहे हैं जनता आवागमन के लिए परेशान है, पूरा शहर खोद के डाल दिया गया है और कार्य जो भी हो रहे हैं वह गुणवत्ता विहीन हो रहे हैं। उन्होने कहा कि इन निर्माण कार्यों में निश्चित ही भ्रष्टाचार की बू आ रही है और इस भ्रष्टाचार में न केवल छोटे बल्कि बड़े बड़े अधिकारी भी लिप्त हैं।

अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने पर बैठे राकेश सिंह ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि शासन प्रशासन ने यदि मेरी बात को गंभीरता से नहीं लिया तो आने वाले समय में मैं स्वयं आमरण अनशन करूंगा। धरने पर बैठने वालों में पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष अशोक जैन नगरपालिका पार्षद अनूप पांडे, मनोज खटीक, नईम खान पठान, कांग्रेस नेत्री ममता शर्मा, गोपाल मिश्रा आस्तीक,भरत सिंह चतुर्वेदी, भीम श्रीवास , भूपेंद्र सिंह, जितेंद्र सरपंच, पिंकू त्रिपाठी आदि प्रमुख है।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews