मालनपुर में ही सैनिक स्कूल खोलने की तैयारी, बसपा विधायक का सपना चकनाचूर!

-Preparing-to-open-Sainik-School-in-Malanpur

भिंड| गणेश भारद्वाज| भिंड जिले के मालनपुर में प्रदेश के दूसरे सैनिक स्कूल का शुभारंभ लोकसभा चुनाव से पहले होगा। पहला सैनिक स्कूल रीवा में 57 वर्ष पूर्व 1962 में खोला गया था। ज्ञात हो कि भिंड से बसपा विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने मालनपुर में खोले जा रहे स्कूल को भिंड जिला मुख्यालय पर खोले जाने के लिए मुख्यमंत्री कमलनाथ को पत्र लिखकर गुहार की थी | लेकिन अब दिखाई दे रहा है कि भिंड विधायक संजीव सिंह कुशवाह का सपना चकनाचूर हो सकता है। हालांकि विधायक महोदय अभी भी यह बात कह रहे हैं कि किसी भी कीमत पर स्कूल जिला मुख्यालय के समीप ही खुलेगा।

जानकारी के अनुसार ग्रुप कैप्टन रविकुमार ने भिंड जिले के गोहद अनुविभाग के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) डीके शर्मा, तहसीलदार एसएस प्रजापति को साथ लेकर मालनपुर में अस्थायी बिल्डिंग में सैनिक स्कूल खोलने के लिए तलाश शुरू कर दी है।

स्वयं की बिल्डिंग तैयार होने तक अस्थायी बिल्डिंग में संचालन 

रविकुमार ने बताया कि सैनिक स्कूल की स्वयं की बिल्डिंग तैयार होने तक संचालन अस्थायी बिल्डिंग में किया जाएगा। सैनिक स्कूल सोसायटी को यहां स्कूल शुरू करने के लिए 10 क्लासरूम, 22 स्टाफ रेजीडेंस, खेल मैदान सहित फिलहाल लगभग 5 से 7 एकड़ जमीन की आवश्यकता है। एसडीएम का कहना है कि अस्थायी भवन में स्कूल शुरू करने के लिए व्द्यिा आश्रम का भवन को पसंद किया गया है।

स्कूल के लिए 50 एकड़ जमीन चिन्हित

एसडीएम का कहना है मालनपुर में सैनिक स्कूल के लिए 50 एकड़ जमीन चिन्हित की गई है वहीं रीवा का सैनिक स्कूल 260 एकड़ में बना है। सैनिक स्कूल कैंपस में 300 बच्चों के लिए हॉस्टल भी रहेगा। निरीक्षण के बाद अब रविकुमार दिल्ली पहुंचकर रिपोर्ट तैयार करेंगे। इसकी रिपोर्ट गुरूवार को रक्षा मंत्रालय भेजी जाएगी इसके बाद मालनपुर में सैनिक स्कूल के शुभारंभ की तारीख तय की जाएगी।

Mp Breaking News
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews