सड़क हादसों से आहत वरिष्ठ नेता ने सांसद सिंधिया को सौंपा पत्र, की ये मांग 

सड़क हादसों से आहत वरिष्ठ नेता ने सांसद सिंधिया को सौंपा पत्र, की ये मांग 

भिण्ड, गणेश भारद्वाज।  एनएच 719 पर आये दिन हो रहे हादसों से आहत भाजपा नेता डॉ रमेश दुबे (Dr Ramesh Dubey) ने राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) से राष्ट्रीय राजमार्ग को 2 लेन से 4 लेन में बदलवाने की मांग की है। डॉ दुबे ने ग्वालियर में जयविलास पैलेस पहुंचकर सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia)को एक पत्र सौंपा।

पत्र के माध्यम से डॉ रमेश दुबे (Dr Ramesh Dubey)ने राष्ट्रीय राजमार्ग 719(NH-92) को फोरलेन बनाये जाने की मांग रखते हुए कहा कि  उक्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर हादसों की संख्या में बेहताशा वृद्धि हुई है, लोग हर रोज काल कवलित  हो रहे हैं। डॉ दुबे ने पत्र में जिक्र किया कि उक्त राजमार्ग के निर्माण के समय की तुलना में वर्तमान में इस सड़क पर आवागमन लगभग तीन गुना हो गया है जिसकी वजह से आये दिन हादसे हो रहे हैं। डॉ दुबे ने कहा कि भारी वाहनों के आवागमन की वजह से उक्त सड़क पर जनता का चलना बहुत दुष्कर हो गया है, हर रोज किसी न किसी घर का दिया बुझ रहा है, अभी हाल ही में इस सड़क पर भीषण दुर्घटना में पत्रकार एवं पार्षद दिनेश भदौरिया एवं युवा होनहार डॉ दीपक भदौरिया के असमय निधन की वजह से पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गयी थी।

डॉ दुबे ने कहा कि जनहित में उक्त टू वे हाइवे को फोरलेन किया जाना चाहिए जिसके अंतर्गत भिण्ड,मेहगांव, गोहद,मालनपुर एवं फूफ में बाईपास का निर्माण कराया जाए ताकि आबादी क्षेत्र के बीच से भारी वाहनों का आवागमन न हो। डॉ रमेश दुबे ने एक अन्य मांग रखते हुए पत्र के माध्यम से कहा कि जिले में रोजगार के लिए युवा बहुत परेशान हैं इसलिए नए औद्योगिक केंद्रों की स्थापना की जाये और राजमार्ग के फोरलेन होने से जिले में रोजगार की संभावनाओं में भी इजाफा होगा।

इस दौरान राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया, महेश राजौरिया, डॉ एसके राजौरिया, रामदास सोनी, अनिल कटारे, राहुल भारद्वाज,विकास शर्मा,सत्यभान नरवरिया, सरोज जोशी,रामू जादौन, विनोद चौहान,रमेश तोमर,सुरेश गुर्जर,रामहंस शर्मा,मनोज शर्मा पत्रकार,मनीष राजौरिया, भूरे गुबरेले, सुभाष तोमर सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews