
Mohan Parashar won gold medal in weightlifting competition : राजधानी भोपाल के 63 वर्षीय अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर मोहन पाराशर ने एक बार फिर देश का नाम रोशन किया है। उन्होने ग्रीस में आयोजित वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल हासिल किया है। बता दें कि उनका चयन ग्रीस के एथेंस में होने वाली वेटलिफ्टिंग की मास्टर्स वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए हुआ था और यहां बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए उन्होने गोल्ड अपने नाम कर लिया।
मोहन पाराशर ने जीता सोना
60 से 64 आयु वर्ग में 89 किलोग्राम वर्ग की प्रतियोगिता में मोहन पाराशर (63) ने 148 किलो वजन उठाकर सोना हासिल किया। इस मौके पर उनके खास मित्र श्री राजकुमार शर्मा ने बताया कि ये प्रतियोगिता उन्होने तब जीती है, जब वो निज जीवन में बहुत ही दुखद परिस्थितियों से गुजर रहे हैं। दरअसल, कुछ दिन पहले ही मोहन पाराशर की पत्नी का देहांत हो गया और इस दुख भरी घटना के दो दिन बाद ही उन्हें ग्रीस के लि रवाना होना था। ओम शिव शक्ति सेवा मंडल के अध्यक्ष राजकुमार शर्मा जी ने बताया कि ऐसे दुखद समय में भी दोस्तों और परिवारजनों की सलाह के बाद उन्होने प्रतियोगिता में भाग लेने का निर्णय लिया और वहां जाकर गोल्ड मेडल हासिल किया। ये मेडल उन्होने देश के साथ साथ अपनी दिवंगत पत्नी को समर्पित किया है।
इस उम्र में भी हैं बेहद सक्रिय
मोहन पाराशर 2021 में ऑस्ट्रेलिया में आयोजित प्रतियोगिता में स्वर्ण प्राप्त कर चुके हैं। अभी ग्रीस में हुई चैंपियनशिप में वो पहले स्थान पर रहे वहीं दूसरे स्थान पर ईरान के सैयद सईद और तीसरा स्थान अमेरिका के लुटिन जोसफ रहे। मूल रूप से सीहोर बिल्किसगंज के रहे वाले मोहन पाराशर ने 13 साल की उम्र में वेट लिफ्टिंग शुरु की थी और वो एक स्कूल भी चलाते हैं। अब तक वे कई इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं और इस उम्र में भी बेहद सक्रिय है। धार्मिक स्वभाव के मोहन पाराशर अपनी फिटनेस को लेकर काफी सजग हैं और लगातार अलग अलग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते रहते हैं।
[dgv_vimeo_video id=”881643958″]
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

