वायरल ऑडियो से सियासी उबाल, नाथ बोले ‘सच्चाई सामने आ गई, सरकार गिराने किसने रची साजिश’

वायरल ऑडियो से सियासी उबाल, नाथ बोले ‘सच्चाई सामने आ गई, सरकार गिराने किसने रची साजिश’

भोपाल| मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj SIngh Chauhan) के कथित वायरल ऑडियो (Viral Audio) को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है| कांग्रेस का कहना है कि इस ऑडियो में सीएम शिवराज कहते सुनाई दे रहे हैं कि मध्य प्रदेश की कांग्रेस सरकार (Congress Government) गिराने के लिए केंद्रीय नेतृत्व से आदेश मिला था। कहा जा रहा है कि वायरल हो रहा ऑडियो सांवेर क्षेत्र का है जब शिवराज वहां गए थे। हालांकि ऑडियो की सत्ययता की पुष्टि नहीं हो पाई है| वायरल ऑडियो को लेकर कांग्रेस आक्रामक हो गई है| पूर्व सीएम कमलनाथ (Kamalnath) ने ट्वीट कर कहा उनके झूठ की पोल अब सभी के सामने आ चुकी है। इस बात की पुष्टि भी हो गयी और सच्चाई भी प्रदेश की जनता के सामने आ गयी कि मेरी सरकार को गिराने के लिये किस तरह की साज़िश व खेल रचा गया और उसमें कौन- कौन शामिल था।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बुधवार को ट्वीट कर कहा “मै तो शुरू दिन से ही कह रहा था कि भाजपा ने मेरी बहुमत व जनादेश प्राप्त सरकार को जानबूझकर साज़िश-षड्यंत्र व प्रलोभन का खेल रच गिराया है क्योंकि मेरी सरकार किसानो का क़र्ज़ माफ़ कर रही थी, युवाओं को रोज़गार दे रही थी , महिलाओं को सुरक्षा देकर उनके सम्मान की रक्षा कर रही थी” उन्होंने कहा “मिलावट व माफ़ियाओ के ख़िलाफ़ अभियान चला रही थी , प्रदेश में निवेश ला रही थी , निरंतर जनहितैषी कार्य कर रही थी , भाजपा को यह सब सहन नहीं हुआ। उसे डर व भय था कि इन सब कार्यों से उसका वर्षों तक सत्ता में वापस लौटना नामुमकिन हो जायेगा”।

शिवराज झूठ परोस रहे
कमलनाथ ने कहा अब तो इस बात की पुष्टि भी हो गयी और सच्चाई भी प्रदेश की जनता के सामने आ गयी कि मेरी सरकार को गिराने के लिये किस तरह की साज़िश व खेल रचा गया और उसमें कौन- कौन शामिल था। जो लोग कहते थे कि कांग्रेस की सरकार के पास बहुमत नहीं था , वो अपने असंतोष से गिरी , हमने नहीं गिरायी’ “उन्होंने आगे कहा “उनके झूठ की पोल भी अब सभी के सामने आ चुकी है। शिवराज ने 15 वर्ष झूठ के बल पर सरकार चलायी , जनता ने सबक़ भी सिखाया लेकिन अभी भी निरंतर झूठ परोस रहे है”।

गौरतलब है कि प्रदेश की सियासत वायरल ऑडियो को लेकर उबाल आ गया है| इस कथित ऑडियो क्लिप में चौहान को यह कहते हुए सुना गया है, “केन्द्रीय नेतृत्व ने तय किया कि सरकार गिरनी चाहिये नहीं तो ये बर्बाद कर देगी, तबाह कर देगी और आप बताओ ज्योतिरादित्य सिंधिया और तुलसी भाई के बिना सरकार गिर सकती थी? और कोई तरीका नहीं था| कांग्रेस कह रही है धोखा तुलसी सिलावट ने दिया, ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिया, धोखा कांग्रेस ने दिया” | कांग्रेस अब इस मामले को लेकर विशेषज्ञों से सलाह के बाद सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी। साथ ही राष्ट्रपति से भी गुहार लगाएगी|

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews