मंत्री के निरीक्षण के बाद एक्शन, तीन कर्मचारी सस्पेंड, BMO और ड्यूटी डॉक्टर को नोटिस

Gopal Bhargav Hospital

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट | चुनावी माहौल में शिवराज सरकार (Shivraj Government) के ही एक मंत्री ने जब आधी रात को अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का खुलासा किया तो यह मामला सियासी हो गया| कांग्रेस (Congress) ने मुद्दे को लपकते हुए सरकार पर चौतरफा हमला बोलना शुरू कर दिया| इधर, मंत्री के निरीक्षण के बाद एक्शन भी हुआ है| सीएमएचओ (CMHO) ने गढ़ाकोटा अस्पताल (Garhakota Hospital) के तीन कर्मचारी को निलंबित कर दिया है। वहीं बीएमओ और ड्यूटी डॉक्टर को नोटिस जारी किया है।

दरअसल, भाजपा के वरिष्ठ नेता व शिवराज सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्री गोपाल भार्गव (Minister Gopal Bhargav) गुरुवार आधी रात को स्कूटी चलाकर सागर जिले के गढ़ाकोटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंच गए। औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि अस्पताल में न तो कोई डाक्टर ड्यूटी पर था, न नर्स और न ही कोई स्वास्थ्य कर्मचारी था। गोपाल भार्गव पूरे अस्पताल में आवाज लगाते रहे, लेकिन कोई कर्मचारी नहीं नजर आया। गोपाल भार्गव ने खुद इस स्टिंग का वीडियो फेसबुक पर शेयर किया और कहा कि मुझे शिकायत प्राप्त हो रही थी कि गढ़ाकोटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को घंटों प्रतीक्षा करनी पड़ती है लेकिन कोई भी डॉक्टर या कर्मचारी उन्हें नहीं मिलते, जिसके बाद रात्रि में 2:30 बजे मैंने औचक निरीक्षण किया मेरे साथ में गढ़ाकोटा नगर के कुछ आमजन भी मौजूद थे| मैंने पूरी अस्पताल का भ्रमण किया जोर जोर से आवाज भी लगाई, लेकिन कोई भी डॉक्टर, कंपाउंडर, नर्स या पैरामेडिकल स्टाफ यहाँ तक कि चोकीदार भी अस्पताल में उपस्थित नहीं मिला।

कमलनाथ ने कसा तंज, भार्गव ने किया पलटवार
इधर, स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों के बीच मंत्री के निरीक्षण के मामले को कांग्रेस ने मुद्दा बना लिया| पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने तंज कसते हुए कहा है कि कभी-कभी गलती से यह लोग सही बात बोल देते हैं। शिवराज सिंह जी कब तक झूठ बोलते रहेंगे। इस पर गोपाल भार्गव ने कहा कि जनप्रतिनिधि को अपनी क्षेत्र की जनता के लिए एक पालक और रक्षक के रूप में कार्य करना प्रमुख दायित्व होता है। उसके क्षेत्र में जनता को मिलने वाली सुविधाएं उन्हें निर्बाध रूप से मिले उसके लिए जनप्रतिनिधि इन व्यवस्थाओं में ओर बेहतर सुधार के लिए औचक निरीक्षण भी करें तो उसे राजनीतिक मुद्दा नही बनाना चाहिए। मेरे द्वारा अस्पताल के निरीक्षण को लेकर कांग्रेस गैरजिम्मेदाराना तरीके से राजनीति कर रही है वह दुर्भाग्यपूर्ण है।

बीएमओ और ड्यूटी डॉक्टर को नोटिस, तीन कर्मचारी सस्पेंड
मंत्री गोपाल भार्गव के निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य विभाग भी हरकत में आया है। CMHO ने गढ़ाकोटा अस्पताल के तीन कर्मचारी को निलंबित कर दिया है। वहीं बीएमओ और ड्यूटी डॉक्टर को नोटिस जारी किया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एमएस सागर ने कहा कि BMO और डॉक्टर के जवाब आने के बाद यदि अनुपस्थिति का उचित कारण सामने नहीं आया तो इनके खिलाफ भी कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

https://www.facebook.com/Bhargavagopal/videos/2438675313106331/

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews