Air India ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को दी टूटी-धंसी सीट, पूर्व सीएम ने जताई नराजगी- क्या यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठाती रहेगी एयरलाइंस

इस वाकये को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने लिखा है कि शिकायत करने पर एयर इंडिया के विमानकर्मियों ने उन्हें बताया कि मैनेजमेंट को इस सीट के बारे में पहले ही सूचित कर दिया गया था। साथ ही, फ्लाइट में ऐसी और सीटें भी हैं जो अन्य यात्रियों को अलॉट की गई हैं। केंद्रीय मंत्री ने लिखा कि उन्हें सहयात्रियों ने अच्छी सीट बदलने का आग्रह भी किया लेकिन वो किसी और को तकलीफ नहीं देना चाहते थे, इसलिए भोपाल से दिल्ली तक की यात्रा उन्होंने उस टूटी हुई सीट पर बैठकर ही की।
Shivraj Singh Chouhan flight seat

Air India allotted broken sunken seat to Shivraj Singh Chouhan : मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को एयर इंडिया ने फ्लाइट में टूटी हुई सीट दे दी। इस बात की शिकायत ख़ुद मंत्रीजी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर की है। उन्होंने लिखा है कि जब मैंने विमानकर्मियों से पूछा कि खराब सीट क्यों आवंटित तो जवाब मिला कि इस बारे में प्रबंधन को पहले ही सूचित कर दिया था, लेकिन फिर भी ये सीट बेची गई। साथ ही उन्हें बताया गया कि विमान में ऐसी और भी टूटी-धंसी हुई सीटें हैं।

शिवराज सिंह चौहान ने ये भी लिखा है कि इस बारे में जानने पर उनके साथ यात्रा करने वाले अन्य यात्रियों ने उनके साथ सीट बदलने का आग्रह किया। लेकिन उन्होंने कहा कि वो ये नहीं चाहते थे कि सीट बदलकर वे अच्छी सीट पर बैठ जाएं और किसी अन्य मित्र को यात्रा में टूटी सीट पर बैठने की तकलीफ उठानी पड़े। इसलिए उन्होंने खुद उस टूटी हुई सीट पर बैठकर भोपाल से दिल्ली तक की यात्रा पूरी की।

Air India की अव्यवस्था फिर उजागर, शिवराज सिंह चौहान को दी टूटी हुई सीट

अब तक आपने कई लोगों से एयरलाइंस की शिकायतें सुनी होंगी। एयर इंडिया को लेकर भी कई बार कई शिकायतें सामने आई हैं। एक बार फिर ऐसा ही हुआ है और इस बार प्रतिक्रिया देने वाले कोई साधारण व्यक्ति नहीं, बल्कि केंद्रीय मंत्री हैं। मध्यप्रदेश में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाने वाले और मोदी सरकार में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को एयर इंडिया ने फ्लाइट में टूटी और धंसी हुई सीट अलॉट कर दी। इस बात की जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके दी है।

केंद्रीय मंत्री ने X पर साझा की पूरी घटना

शिवराज सिंह चौहान ने लिखा है कि उन्होंने भोपाल से दिल्ली जाने के लिए एयर इंडिया की फ्लाइट क्रमांक AI436 में टिकिट बुक कराई थी और उन्हें मुझे सीट नंबर 8C आवंटित हुई। लेकिन जब वो पहुंचे तो देखा कि सीट टूटी और अंदर धंसी हुई है। उसपर बैठना काफी तकलीफदायक था। इसे लेकर उन्होंने विमानकर्मियों से पूछताछ की तो जवाब मिला कि ‘प्रबंधन को पहले सूचित कर दिया था कि ये सीट ठीक नहीं है, इसका टिकट नहीं बेचना चाहिए। ऐसी एक नहीं और भी सीटें हैं।’ ये जवाब चौंकाने वाला है क्योंकि ऐसा किसी गफलत में नहीं हुआ, बल्कि बाकायदा मैनेजमेंट को ये जानकारी दी गई थी और फिर भी वो सीट यात्री को अलॉट कर दी गई। साथ ही, ये भी पता चला कि और भी यात्रियों को ऐसी ही खराब सीटें दी गई हैं।

एयर इंडिया से किए सवाल, नाराजगी जताई

केंद्रीय मंत्री ने लिखा है कि इसके बाद उनके सहयात्रियों ने उनसे आग्रह किया कि वे उनसे सीट बदलकर अच्छी सीट पर बैठ जाएं, लेकिन वो अपने लिए किसी और को तकलीफ नहीं देना चाहते थे इसलिए उन्होंने अपनी ही सीट पर बैठकर यात्रा पूरी की। शिवराज सिंह चौहान ने इस घटना के बाद एयरलाइंस के प्रति नाराजगी ज़ाहिर की और लिखा है कि ‘मेरी धारणा थी कि टाटा प्रबंधन के हाथ में लेने के बाद एयर इंडिया की सेवा बेहतर हुई होगी, लेकिन ये मेरा भ्रम निकला। मुझे बैठने में कष्ट की चिंता नहीं है लेकिन यात्रियों से पूरा पैसा वसूलने के बाद उन्हें खराब और कष्टदायक सीट पर बैठाना अनैतिक है।’ उन्होंने सवाल किया कि क्या ये यात्रियों के साथ धोखा नहीं है? साथ ही ये भी लिखा है कि आगे किसी यात्री को ऐसा कष्ट न हो, इसके लिए एयर इंडिया प्रबंधन कदम उठाएगा या यात्रियों की जल्दी पहुंचने की मजबूरी का फायदा उठाता रहेगा।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews