
Alert in Damna village of Manpur buffer of Bandhavgarh Tiger Reserve
उमरिया जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व अंतर्गत मानपुर बफर क्षेत्र में दमना गांव के पास खेतों में बाघ देखे जाने से इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है। बाघ की मौजूदगी की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके के आसपास एकत्र हो गए।

बाघ खेतों की झाड़ियों में दिखाई दिया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाघ खेतों की झाड़ियों में दिखाई दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पार्क प्रबंधन को दी। सूचना मिलते ही बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की टीम सक्रिय हो गई और करीब 20 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी तथा कई वाहन मौके पर भेजे गए। मानपुर बफर और ताला परिक्षेत्र की संयुक्त टीम बनाकर क्षेत्र में निगरानी शुरू कर दी गई है।

सभी को सतर्क रहने की सलाह
वन विभाग ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ग्रामीणों को घटनास्थल से दूर किया और खेतों की ओर जाने से रोक दिया। अधिकारियों द्वारा लोगों को समझाइश दी जा रही है कि बाघ को देखने या उसके नजदीक जाने का प्रयास न करें। किसी भी तरह की लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए सभी को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बाघ की गतिविधियों पर लगातार नजर
मानपुर बफर परिक्षेत्र अधिकारी मुकेश कुमार अहिरवार ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है और फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है। बाघ की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। वन अमला हर संभावित स्थिति से निपटने के लिए तैयार है, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।
अकेले खेतों या जंगल की ओर न जाएं
वन विभाग ने आसपास के गांवों के लोगों से भी सहयोग की अपील की है। ग्रामीणों को सलाह दी गई है कि वे अकेले खेतों या जंगल की ओर न जाएं, रात के समय विशेष सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत वन विभाग को दें। फिलहाल विभाग की मुस्तैदी के चलते स्थिति सामान्य बनी हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में निगरानी जारी है।
