बरकतउल्ला विश्वविद्यालय दीक्षांत समारोह 2024: डिजिटल युग में कदम, सीएम डॉ. मोहन यादव की घोषणा ‘भविष्य में सभी पात्र छात्र-छात्राओं को निःशुल्क उपाधि प्रदान की जाएगी’

बीयू ऑनलाइन डिजिटल मार्कशीट और डिग्री देने वाला देश का पहला विश्वविद्यालय बन गया है। दीक्षांत समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने इसका शुभारंभ किया। इसी के साथ उन्होंने कहा कि इस वर्ष के अतिरिक्त अन्य वर्षों के विद्यार्थियों को भी डिजिटल मार्कशीट प्रदान की जाए। इस अवसर पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने स्वर्ण पदक और उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी।
बरकतउल्ला विश्वविद्यालय दीक्षांत समारोह 2024: डिजिटल युग में कदम, सीएम डॉ. मोहन यादव की घोषणा ‘भविष्य में सभी पात्र छात्र-छात्राओं को निःशुल्क उपाधि प्रदान की जाएगी’

Barkatullah University Convocation 2024 : आज भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में बरकतउल्ला विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह-2024 भव्य रूप से आयोजित किया गया। राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार एवं विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. एस.के. जैन भी उपस्थित रहे।

इस बार समारोह की खासियत यह रही कि विश्वविद्यालय ने डिजिटल युग की ओर कदम बढ़ाते हुए छात्रों को डिजिटल मार्कशीट और डिग्री प्रदान करने की नई सेवा का शुभारंभ किया। सीएम ने इस मौक़े पर छात्र-छात्राओं को निःशुल्क उपाधि प्रदान करने की घोषणा की। इसी के साथ राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने योग पर आधारित पुस्तिका एवं दीक्षांत समारोह से जुड़ी स्मारिका का विमोचन  भी किया।

मुख्यमंत्री ने की निःशुल्क उपाधि प्रदान करने की घोषणा

बरकतउल्ला विश्वविद्यालय की नई पहल के बाद विद्यार्थियों को अब उनकी उपाधि डिजिटल रूप से प्रदान की जाएगी। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने इस सेवा का विधिवत शुभारंभ किया और मंच से कहा कि इस वर्ष के अलावा अन्य वर्षों के छात्रों को भी डिजिटल उपाधियाँ प्रदान की जाए। दीक्षांत समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ‘शिक्षित मध्यप्रदेश-विकसित मध्यप्रदेश’ की सिद्धि की ओर निरंतर बढ़ते कदम है। उन्होंने घोषणा की कि बरकतउल्ला विश्वविद्यालय भविष्य में सभी पात्र छात्र-छात्राओं को निःशुल्क उपाधि प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि ‘प्रतिष्ठित बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह-2024 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों और शोधार्थियों को डिजिटल रूप से उपाधि प्रदान की गई है। मुझे अत्यंत प्रसन्नता है कि निरंतर अत्याधुनिक नवाचारों की ओर बढ़ते इस विश्वविद्यालय में आज से डिजिटल मार्कशीट और डिग्री वितरण की ऑनलाइन सेवा का भी शुभारंभ हो गया है। मेडल व उपाधियां प्राप्त करने वाले सभी मेधावी विद्यार्थियों और शोधार्थियों को मेरी ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।’

राज्यपाल ने BU को दिए निर्देश

इस अवसर पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने द्वारा विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। साथ ही कला, वाणिज्य, फ़िज़िकल एजुकेशन, अभियांत्रिकी, गृह विज्ञान ,जीव विज्ञान,विज्ञान, समाज विज्ञान सहित अन्य संकायों के विद्यार्थियों को पीएचडी की उपाधियां प्रदान की गईं।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने विश्वविद्यालय को निर्देशित किया कि इस वर्ष के अलावा अन्य वर्षों के छात्रों को भी डिजिटल उपाधियाँ प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि उन्हें ये देखकर प्रसन्नता हुई कि आज उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में 90 प्रतिशत छात्राएँ थीं। इस अवसर पर राज्यपाल ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लायी गई राष्ट्रीय शिक्षा नीति युवाओं को उनकी मौलिक प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करती है। शिक्षकों और छात्रों को नवीन तकनीकों का इस्तेमाल करते हुए अपने लक्ष्यों को प्राप्त करना चाहिए।’

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews