बरकतउल्लाह यूनिवर्सिटी की मार्कशीट व्यवस्था पर सवाल, उमंग सिंघार बोले “5 हजार शिकायतों के बाद भी सरकार मौन”

बीयू में मार्कशीट और परीक्षा परिणाम से जुड़ी शिकायतों को लेकर कांग्रेस ने आउटसोर्स एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होना छात्रों की परेशानी बढ़ा रहा है।
Umang Singhar

भोपाल के बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय में मार्कशीट तैयार करने की व्यवस्था को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि आउटसोर्स एजेंसी के जरिए तैयार की जा रही मार्कशीट में लगातार गड़बड़ियां सामने आ रही हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि सिर्फ तीन महीने में 5 हजार से ज्यादा शिकायतें सामने आ चुकी हैं और विश्वविद्यालय से जुड़े करीब 350 कॉलेजों के लगभग 3 लाख छात्र इससे प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि “भाजपा सरकार की लापरवाही का खामियाजा प्रदेश के लाखों छात्र भुगत रहे हैं।” उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा है कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाली एजेंसी पर कार्रवाई कब होगी और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही कब तय की जाएगी।

क्या है मामला 

बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय में परीक्षा परिणाम और मार्कशीट तैयार करने की प्रक्रिया को लेकर छात्रों की शिकायतें सामने आ रही हैं। छात्रों का आरोप है कि परीक्षा देने के बावजूद कहीं अनुपस्थित दर्ज किया गया, कहीं अंक गलत चढ़े और कुछ मार्कशीट में विषयों से जुड़ी गड़बड़ियां मिलीं। बड़े पैमाने पर मिली इन शिकायतों से मार्कशीट तैयार करने और परीक्षा परिणामों की प्रक्रिया में आउटसोर्स एजेंसी की भूमिका को लेकर भी सवाल उठे हैं। विश्वविद्यालय की ओर से एजेंसी को नोटिस दिए जाने और गड़बड़ियों को दूर करने के लिए सुधारात्मक कदम उठाने की बात कही गई है।

उमंग सिंघार ने सरकार से किए सवाल

इस मामले को लेकर उमंग सिंघार ने प्रदेश सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि BU के छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ है रहा है फिर भी भाजपा सरकार मौन है। कांग्रेस नेता ने कहा कि यदि इतनी बड़ी संख्या में शिकायतें सामने आ रही हैं और नोटिस दिए जाने के बाद भी व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है तो जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव से सवाल किया कि छात्रों के भविष्य को प्रभावित करने वाली एजेंसी पर कार्रवाई कब होगी और लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही कब तय की जाएगी।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews