
Bhopal division issues warning – Beware of fake railway recruitment advertisements
पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने युवाओं एवं अभिभावकों को सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे फर्जी रेलवे भर्ती विज्ञापनों से सावधान रहने की सलाह दी है। मंडल के संज्ञान में आया है कि विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रेलवे भर्ती के नाम से भ्रामक एवं फर्जी विज्ञापन प्रसारित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से बेरोजगार युवाओं को नौकरी का झांसा देकर आर्थिक ठगी का प्रयास किया जा रहा है। भारतीय रेलवे में सभी भर्तियां निर्धारित नियमों एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ केवल रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) तथा रेलवे भर्ती सेल (आरआरसी) के माध्यम से ही की जाती हैं। रेलवे द्वारा किसी भी पद पर प्रत्यक्ष भर्ती, बिना परीक्षा नियुक्ति अथवा किसी निजी एजेंसी के माध्यम से चयन की कोई व्यवस्था नहीं है।
“बिना परीक्षा भर्ती”, “डायरेक्ट जॉइनिंग”, “तुरंत नियुक्ति”, “
रेल प्रशासन ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे “बिना परीक्षा भर्ती”, “डायरेक्ट जॉइनिंग”, “तुरंत नियुक्ति”, “सीमित योग्यता पर सरकारी नौकरी” अथवा “निश्चित चयन” जैसे दावे पूरी तरह भ्रामक एवं फर्जी हैं। ऐसे विज्ञापनों में रेलवे का नाम, लोगो अथवा विभिन्न रेलवे स्टेशनों के नामों का अनधिकृत उपयोग कर युवाओं को गुमराह करने का प्रयास किया जाता है। इन विज्ञापनों का भारतीय रेलवे अथवा भोपाल मंडल से कोई संबंध नहीं है।
युवाओं से अपील
भोपाल मंडल ने युवाओं से अपील की है कि वे किसी भी भर्ती संबंधी सूचना की सत्यता केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जांचें तथा नौकरी दिलाने के नाम पर किसी व्यक्ति, संस्था या एजेंसी को धनराशि का भुगतान न करें। यदि किसी को इस प्रकार का संदिग्ध विज्ञापन प्राप्त होता है अथवा कोई व्यक्ति रेलवे में नौकरी दिलाने का दावा करता है, तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 अथवा संबंधित अधिकारियों को दें। साथ ही ऐसे फर्जी विज्ञापनों की शिकायत संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी दर्ज कराएं।
भर्ती विज्ञापन केवल आधिकारिक वेबसाइटों पर उपलब्ध
रेलवे भर्ती संबंधी सभी प्रामाणिक एवं अद्यतन जानकारी केवल भारतीय रेलवे, रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) तथा रेलवे भर्ती सेल (आरआरसी) की आधिकारिक वेबसाइटों पर उपलब्ध होती है। रेल प्रशासन ने आमजन से आग्रह किया है कि भर्ती संबंधी जानकारी के लिए केवल अधिकृत माध्यमों पर ही विश्वास करें तथा किसी भी प्रकार के फर्जी प्रचार-प्रसार से सतर्क रहें।
