
भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक बड़ा हादसा टल गया। सोमवार को लिंक रोड नंबर 01 पर BCLL (भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड) की एक लो-फ्लोर बस से अचानक धुआं निकलने लगा। घटना के वक्त बस यात्रियों से भरी हुई थी, लेकिन ड्राइवर और कंडक्टर की तत्परता ने सभी की जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, बस रूट TR-4 पर चल रही थी। जैसे ही वह लिंक रोड नंबर 1 पर पहुंची, बस से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में धुएं ने विकराल रूप ले लिया और बस के अंदर अफरा-तफरी मच गई।
ड्राइवर-कंडक्टर की सूझबूझ से बची जान
धुएं को देखते ही बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका। उन्होंने बिना समय गंवाए आपातकालीन द्वार खोले और सभी यात्रियों को तेजी से नीचे उतरने के कहा। उनकी इस त्वरित कार्रवाई के कारण, बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ड्राइवर और कंडक्टर खुद सबसे आखिर में बस से बाहर निकले।
रखरखाव पर उठे गंभीर सवाल
चलती बस में आग लगने की इस घटना ने BCLL बसों के रखरखाव और सुरक्षा मानकों पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। धुआं निकलती बस का वीडियो सामने आया है।
देखें वीडियो
[dgv_vimeo_video id=”1137140147″]
भोपाल से जितेंद्र यादव की रिपोर्ट

