भोपाल सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने एयरलाइन स्टाफ पर लगाया षड्यंत्र कर नुकसान पहुंचाने का आरोप, ज्योतिरादित्य सिंधिया से कार्रवाई की मांग

Pragya

Bhopal MP Pragya Singh Thakur accuses Akasa Airline : भोपाल से भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया है कि अकासा एयर (Akasa Air) की फ्लाइट में उन्हें नुकसान पहुंचाने का षड्यंत्र किया गया। इसे लेकर उन्होने देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट लिखी और केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से हस्तक्षेप की मांग की है। इस मामले पर अब अकासा एयरलाइंस ने खेद जताते हुए कहा है कि वो इस मामले की तफ्सील से जांच करेंगे।

सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने सोशल मीडिया पर लिखी पोस्ट 

प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने इस पोस्ट में लिखा है कि ‘मा.उड्डयन मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जी  मुंबई से दिल्ली AkasaAir फ्लाइट नंबर QP1120 से दिल्ली आने पर ड्यूटी मैनेजर इमरान और उसके साथियों द्वारा षड्यंत्र कर मुझे बड़ी हानि पहुंचाने का प्रयास किया।अपेक्षा करती हूं आप कार्यवाही अवश्य करेंगे। जय श्री राम’। हालांकि इस पोस्ट में उन्होने ये जानकारी नहीं दी है कि उनके साथ ऐसा क्या किया गया, जिस कारण उन्हें ये पोस्ट करनी पड़ी।

अकासा एयरलाइन ने खेद जताया

अकासा एयर के प्रवक्ता ने इस मामले पर खेद जताते हुए कहा है कि ‘हमें 15 फरवरी, 2024 को हमारी उड़ान QP1120 पर माननीय संसद सदस्य सुश्री प्रज्ञा ठाकुर को हुए डी-बोर्डिंग अनुभव पर खेद है। उन्हें हुई किसी भी असुविधा के लिए हम क्षमा चाहते हैं। हम घटना की विस्तार से जांच करेंगे। इसी के साथ इस घटना को हम सीखने और अपनी सेवाओं में सुधार करने के अवसर के रूप में भी लेंगे।’

विवादों से रहा है पुराना नाता

इस पोस्ट पर कई लोग कमेंट कर मामले की पूरी जानकारी चाह रहे हैं। कुछ लोग कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं तो कुछ का ये भी कहना है कि पहले पूरी बात सामने आनी चाहिए, कि आखिर साध्वी प्रज्ञा किस तरह के षड्यंत्र की बात कर रही हैं। बता दें कि बीजेपी सांसद अक्सर अपने विवादित बयानों के कारण चर्चाओं में रहती हैं। कभी नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताकर तो कभी दिग्विजय सिंह को आतंकवादी कहकर वो सुर्खियों में बनी रहीं। ‘अपने घर में हथियार रखो’ ‘शूद्र को शूद्र कहो तो बुरा मान जाते हैं’ जैसे कई बयान देकर वो कई बार अपनी ही पार्टी के लिए मुश्किलें खड़ी करती रही हैं। बहरहाल, अब उन्होने आकासा एयरलाइंस के स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाए हैं और ज्योतिरादित्य सिंधिया से कार्रवाई की मांग की है। वहीं अब एयरलाइन की तरफ से भी बयान जारी कर खेद जताया गया है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews