Bhopal News : डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला ने कहा-बेहतर प्लानिंग और आधुनिक टेक्नोलॉजी से संसाधनों के बेहतर उपयोग से हम भारत को विश्वगुरु बनायेंगे

सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि जनसंख्या का दबाव और बढ़ती औद्योगिक गतिविधियों से शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर में दबाव बढ़ता है, इस दबाव को सीमा में रखने के लिए आधुनिक तकनीकी का युक्तिपूर्ण रूप से उपयोग अहम है। उन्होंने कहा कि सेमिनार में प्रबुद्धजनों के मंथन से निकले निष्कर्ष का उपयोग शहरी विकास में किया जायेगा।
Deputy CM Rajendra Shukla

Bhopal News : मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ राजेन्द्र शुक्ला ने आज राजधानी भोपाल के होटल ताज में कंसल्टिंग इंजीनियर्स एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया द्वारा “अर्बन मोबिलिटी एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजी” विषय पर आयोजित सेमिनार का शुभारंभ किया। उन्होंने सेमिनार में मौजूद अतिथियों से अधोसंरचना विकास एवं आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि की दृष्टि से तकनीक व उसके प्रयोग के महत्व पर संवाद किया एवं इस विषय में मध्यप्रदेश सरकार की सजगता व हो रहे प्रयासों की जानकारी  दी। इस अवसर पर भोपाल सांसद आलोक शर्मा सहित अन्य गणमान्यजन भी उपस्थित रहे।

हम सब मिलकर भारत को विश्वगुरु बनायेंगे 

सेमिनार को संबोधित करते ही उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने कहा है कि बेहतर प्लानिंग और आधुनिक टेक्नोलॉजी के उपयोग से सुनियोजित और सतत विकास होता है, साथ ही संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक महाशक्ति बन गया है। देश को सुनियोजित रूप से आगे बढ़ने में सभी वर्गों के प्रबुद्ध जनों का योगदान अहम है। हम सब मिलकर भारत को विश्वगुरु बनायेंगे। उप-मुख्यमंत्री शुक्ला ने कहा कि अधोसंरचना विकास के साथ कृषि और औद्योगिक क्रांति से नागरिकों की क्रय क्षमता में वृद्धि हुई है, जिससे आर्थिक गतिविधियों में निरंतर विस्तार हो रहा है। पर्यावरण संरक्षण को केंद्रित रख कर योजनाबद्ध रूप से विकास किया जा रहा है जिससे आगामी पीढ़ियाँ संरक्षित रहें।

सेमिनार से मिले सुझाव सरकार विकास योजना में शामिल करेगी 

उप-मुख्यमंत्री ने सीईएआई द्वारा शहरों के सुनियोजित विकास के संदर्भ में आयोजित सेमिनार की सराहना करते हुए कहा कि निश्चित रूप से इस सेमिनार से महत्वपूर्ण तथ्य सामने आयेंगे जिनका उपयोग सरकार द्वारा दूरगामी विकास की योजना में किया जायेगा। सेमिनार में सांसद भोपाल आलोक शर्मा, सीईएआई के प्रेसिडेंट  आरएस शर्मा सहित सीईएआई के पदाधिकारी, विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि, शोधकर्ता और छात्र उपस्थित थे।

इंफ़्रास्ट्रक्चर का दबाव सीमित करने तकनीक का युक्तिपूर्ण उपयोग करना होगा- सांसद शर्मा

सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि जनसंख्या का दबाव और बढ़ती औद्योगिक गतिविधियों से शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर में दबाव बढ़ता है, इस दबाव को सीमा में रखने के लिए आधुनिक तकनीकी का युक्तिपूर्ण रूप से उपयोग अहम है। इस दिशा में ट्रांसपोर्ट प्लानिंग बहुत महत्वपूर्ण विषय है, उन्होंने कहा कि सेमिनार में प्रबुद्धजनों के मंथन से निकले निष्कर्ष का उपयोग शहरी विकास में किया जायेगा। प्रेसिडेंट सीईएआई आरएस शर्मा ने संगठन की संरचना और कार्यों की विधिवत जानकारी प्रदान की। सीईएआई के वाईस प्रेसिडेंट जेवीएल नारायण ने सेमिनार के विभिन्न विषयों की संक्षिप्त जानकारी प्रदान की।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews