राजकोट के अस्पताल से CCTV कैमरों को हैक कर महिलाओं के निजी वीडियो किए वायरल, भोपाल पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

किसी भी प्रकार के सायबर अपराध की आशंका होने पर या शिकायत दर्ज कराने के लिए, राष्ट्रीय सायबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन या भोपाल सायबर सेल हेल्पलाईन नंबर 9479990636 शिकायत करें।
Bhopal police advisory

Bhopal police issues advisory

हाल ही में गुजरात के राजकोट स्थित एक मैटरनिटी अस्पताल के CCTV कैमरों को हैक कर, महिलाओं के अत्यंत निजी और संवेदनशील वीडियो रिकॉर्ड कर उन्हें इंटरनेट पर वायरल करने का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना ने सबको चौंका दिया, मामले सामने आने के बाद अब मध्यप्रदेश में भोपाल पुलिस ने एडवाइजरी जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील करते हुए दिशा-निर्देश दिए है।  कि हमारे घरों, दुकानों, अस्पतालों और कार्यालयों में लगे सुरक्षा कैमरे सायबर अपराधियों के लिए जासूसी का एक आसान जरिया बन सकते हैं।

हैकिंग का मुख्य कारण

जांच में यह पाया गया है कि इस हैकिंग का मुख्य कारण CCTV कैमरे का डिफ़ॉल्ट यूजरनेम और पासवर्ड (जैसे admin/admin123)  न बदलना था, जिसका फायदा उठाकर हैकर्स ने आसानी से कैमरों का पूरा नियंत्रण हासिल कर लिया।

CCTV हैकिंग से बचने के लिए तत्काल करें यह उपाय

1. डिफ़ॉल्ट पासवर्ड तुरंत बदलें: यह सबसे महत्वपूर्ण कदम है। कैमरा इंस्टॉल करवाते ही कंपनी द्वारा दिया गया डिफ़ॉल्ट पासवर्ड बदलकर एक मजबूत और लंबा पासवर्ड (जिसमें अक्षर, अंक और चिन्ह शामिल हों) बनाएं।
2. मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (MFA) चालू करें: यदि आपके CCTV सिस्टम में यह सुविधा है, तो इसे तुरंत सक्रिय करें। इससे लॉगिन करने के लिए पासवर्ड के साथ आपके मोबाइल पर एक OTP भी आएगा, जो सुरक्षा को दोगुना कर देता है।
3. कैमरे का सॉफ्टवेयर (Firmware) अपडेट रखें: निर्माता कंपनियां समय-समय पर सुरक्षा अपडेट जारी करती हैं। अपने कैमरे के सॉफ्टवेयर को हमेशा अपडेटेड रखें ताकि हैकर्स किसी पुरानी कमी का फायदा न उठा सकें।
4. वाई-फाई नेटवर्क सुरक्षित करें: अपने वाई-फाई का पासवर्ड भी मजबूत रखें। बेहतर सुरक्षा के लिए अपने CCTV कैमरों को एक अलग (Guest) वाई-फाई नेटवर्क से कनेक्ट करें।
5. कैमरे की लोकेशन पर विशेष ध्यान दें: बेडरूम, चेंजिंग रूम या बाथरूम जैसे अत्यंत निजी स्थानों पर कैमरे लगाने से बचें। कैमरों का उपयोग केवल सुरक्षा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण स्थानों पर ही करें।
6. रिमोट एक्सेस को सीमित और सुरक्षित रखें: यदि आप बाहर से फुटेज देखते हैं, तो केवल वीपीएन (VPN) के माध्यम से ही ऐसा करें। जब जरूरत न हो तो रिमोट एक्सेस की सुविधा बंद रखें।

ध्यान रखें हमेशा 

याद रखें, आपकी थोड़ी सी सावधानी आपको और आपके परिवार को बड़े सायबर अपराध का शिकार होने से बचा सकती है।
किसी भी प्रकार के सायबर अपराध की आशंका होने पर या शिकायत दर्ज कराने के लिए, राष्ट्रीय सायबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन या भोपाल सायबर सेल हेल्पलाईन नंबर 9479990636 शिकायत करें।

Sushma Bhardwaj
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews