भोपाल में पिकनिक मनाने गए 7 युवक तेज बारिश में टीले पर फंसे, 4 घंटे चला रेस्क्यू, पुलिस-एसडीआरएफ ने सुरक्षित निकाला

भोपाल के कजलीखेड़ा इलाके में मंगलवार को तेज बारिश के बीच पिकनिक मनाने पहुंचे सात युवक अचानक बढ़े पानी के बहाव में फंस गए। दरअसल पहाड़ी क्षेत्र से पानी तेजी से नीचे आने के बाद चारों तरफ जलभराव और तेज बहाव हो गया।
भोपाल में पिकनिक मनाने गए 7 युवक तेज बारिश में टीले पर फंसे, 4 घंटे चला रेस्क्यू, पुलिस-एसडीआरएफ ने सुरक्षित निकाला

भोपाल में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब पुराने भोपाल से पिकनिक मनाने गए सात युवक अचानक तेज पानी के बीच फंस गए। दरअसल घटना कजलीखेड़ा थाना क्षेत्र के फाटापान-बाबाझिरी पिकनिक स्पॉट की है। भारी बारिश के बाद पहाड़ी इलाके से पानी तेजी से नीचे आया, जिससे युवकों के आसपास का रास्ता पानी से घिर गया। खतरा बढ़ने पर सभी युवक एक ऊंचे टीले पर जाकर रुक गए।

जानकारी के मुताबिक सातों युवक मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे पुराने भोपाल से पिकनिक मनाने के लिए फाटापान-बाबाझिरी पहुंचे थे। उस समय मौसम खराब था और आसपास के पहाड़ी इलाकों में बारिश हो रही थी। कुछ देर बाद पहाड़ियों से पानी नीचे आने लगा। देखते ही देखते पिकनिक स्पॉट के आसपास पानी का बहाव तेज हो गया।

डायल-112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी गई

वहीं युवकों को जब लगा कि सामान्य रास्ते से वापस लौटना मुश्किल है तो उन्होंने किसी तरह एक ऊंचे टीले पर जाकर शरण ली। तेज बहाव के कारण वहां से नीचे उतरना भी जोखिम भरा था। इसके बाद युवकों ने मोबाइल फोन से अपने परिवार वालों को जानकारी दी। परिजनों ने बिना देर किए डायल-112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी। सूचना मिलने के बाद शाम करीब 7 बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को देखते हुए आसपास मौजूद ग्रामीणों को भी सावधानी बरतने के लिए कहा। पानी का बहाव काफी तेज होने के कारण किसी को सीधे टीले की तरफ जाने से रोका गया, ताकि बचाव के दौरान कोई और हादसा न हो।

पुलिस और एसडीआरएफ ने संभाला मोर्चा

दरअसल मौके की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने एसडीआरएफ टीम को भी सूचना दी। रेस्क्यू टीम ने पहले इलाके की भौगोलिक स्थिति को समझा और टीले तक पहुंचने के संभावित रास्तों की पहचान की। स्थानीय ग्रामीणों को इलाके की जानकारी होने के कारण पुलिस टीम ने उनके साथ मिलकर बचाव अभियान की योजना बनाई।

वहीं टीले तक पहुंचने के लिए तीन अलग-अलग संभावित रास्तों से कोशिश शुरू की गई। लगातार प्रयास के बाद रेस्क्यू टीम सातों युवकों तक पहुंचने में सफल रही। सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के बाद पुलिस ने युवकों से उनकी स्थिति के बारे में जानकारी ली। सभी युवक सुरक्षित बताए गए और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

रवि नथानी की रिपोर्ट

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews