Bhopal News : सफेद साड़ी में चुड़ैल या सफेद साड़ी महिला चोरों की गैंग, पुलिस को मिले पुख्ता सुराग, कहा- गश्त कराएंगे, लोगों में अब भी दहशत

Bhopal Ghost

Bhopal News : राजधानी भोपाल की कॉलोनियों में दहशत का माहौल पैदा करने वाली सफ़ेद साड़ी पहने महिलाओं का भोपाल पुलिस जल्दी ही पर्दाफाश करेगी, जानकारी के मुताबिक पुलिस को ऐसे पुख्ता सुबूत हाथ लगे हैं जिससे ये साबित होता है कि ये कोई चुड़ैल नहीं हैं बल्कि लोगों को डर दिखाकर सुने घरों को निशाना बनाने वाली सफ़ेद साडी महिला चोर गैंग है।

आधी रात को घूमने वाली सफ़ेद साड़ी पहने महिलाओं से दहशत, लोग घरों में कैद 

पिछले  कुछ दिनों से आधी रात के बाद भोपाल की कुछ कॉलोनियों के लोग दहशत में आ जाते हैं , पार्क के झूलों में सफ़ेद साड़ी पहने महिलाएं दिखती हैं, ये कभी झूला झूलते तो कभी कमर झुककर लाठी टेकते टहलती नजर आती हैं, इन्हें देखकर लोग सहम जाते हैं, डरे हुए बहुत से लोगों ने तो कॉलोनी के पार्कों में जान ही छोड़ दिया, बच्चों को बाहर निकलने से रोक दिया, लोगों को डर लग रहा है कि कहीं उनकी कॉलोनी में चुड़ैल का साया तो नहीं है।

मानव अधिकार आयोग ने भी जारी किया नोटिस 

सफ़ेद साड़ी वाली चुड़ैल की दहशत की खबर पुलिस तक पहुंची, मानव अधिकार आयोग ने भी नोटिस जारी किया, इसी बीच पुलिस की तहकीकात में सीसीटीवी फुटेज से खुलासा हुआ कि ये कोई चुड़ैल नहीं हैं बल्कि एक महिला चोर गैंग है जो सफ़ेद साड़ी पहनकर रात के अँधेरे में निकलती है और सूने घरों को निशाना बनाती है।

सीसीटीवी में दिखी कथित चुड़ैल, कॉलोनी के लोगों ने चिपकाये पोस्टर  

बाग़ सेवनिया क्षेत्र की विद्यानगर सेक्टर ए के लोगों ने भी सीसीटीवी कैमरों में इन महिलाओं की गतिविधि चैक की तो ये सामान्य महिलाओं की तरह टहलती दिखाई दी, उन्होंने सीसीटीवी फुटेज के साथ पुलिस में इसकी शिकायत की है, साथ ही कॉलोनी में और इसके आसपास इस सफ़ेद साड़ी महिला चोर गिरोह के पोस्टर चिपका दिए हैं जिससे कोई इनसे दहशत में न आये, बल्कि सावधान हो जाये।

ऑफिस और सूने घर में चोरी, आसपास दिखीं सफ़ेद साड़ी पहने महिलाएं

दरअसल विद्या नगर सेक्टर ए में स्थित एक ऑफिस में सोमवार को चोरी की वारदात हुई जब सीसीटीवी फुटेज चैक किये गए तो सफ़ेद साड़ी महिलाएं ऑफिस के आसपास घूमती दिखाई दी, मंगलवार को फिर एक सूने मकान में चोरी हो गई, लोगों को पूरा शक है कि ये काम इन सफ़ेद साड़ी वाली महिलाओं का ही है , उधर पुलिस का कहना है कि हम क्षेत्र में गस्त बढ़ाएंगे और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्दी ही इस  सफ़ेद साड़ी महिला चोर गैंग का पर्दाफाश करेंगे।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews