MP Breaking News

भोपाल में महंगाई के खिलाफ महिलाओं का अनोखा प्रदर्शन, बैंक में जाकर मांगा ‘त्योहार लोन’, दिया आवेदन

भोपाल में बढ़ती महंगाई और बिगड़े घरेलू बजट के विरोध में कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला के नेतृत्व में महिलाओं ने बैंक पहुंचकर ‘त्योहार लोन’ के लिए आवेदन दिया। कांग्रेस नेता ने कहा कि बेलगाम महंगाई ने आम आदमी से त्योहारों की खुशियां छीन ली हैं।
Bhopal News

भोपाल: आगामी त्योहारों से पहले देश में बढ़ती महंगाई ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है। जरूरी खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर निशाना साध रहा है और आम जनता को राहत देने की मांग कर रहा है। इस बीच, मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में लगातार बढ़ती महंगाई और बिगड़ते घरेलू बजट के विरोध में गृहणियों ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया।

बता दें कि शक्कर, खाद्य तेल और रसोई के अन्य जरूरी सामानों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के चलते आम परिवारों के लिए त्योहार मनाना मुश्किल हो गया है। इसी समस्या को उजागर करने के लिए कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में गृहणियां और महिलाएं करोंद स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक पहुंचीं। महिलाओं ने ‘त्योहार मनाने के लिए लोन’ की मांग करते हुए बैंक में आवेदन दिया।

महंगाई की मार से बिगड़ा मध्यमवर्गीय परिवारों का रसोई बजट

जानकारी अनुसार, रोजमर्रा के खाद्य पदार्थों, खासकर शक्कर, घी, मैदा और खाद्य तेल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी से मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों का रसोई बजट बुरी तरह प्रभावित हो गया है। इतना ही नहीं चीनी के कीमतों में बढ़ोतरी के चलते इस बार पारंपरिक मिठाइयां और पकवान बनाना भी आम गृहिणियों के लिए मुश्किल होता जा रहा है। देश में बढ़ती महंगाई के चलते महिलाओं ने बैंक शाखा पहुंचकर बैंक मैनेजर को ज्ञापन सौंपा और ‘त्योहार लोन’ के लिए आवेदन पत्र दिया।

बेलगाम महंगाई ने त्योहारों की खुशियां छीनीं

इस दौरान कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण आज देश की जनता महंगाई की मार झेल रही है। त्योहार खुशी और उल्लास का अवसर होते हैं, लेकिन बेलगाम महंगाई ने आम आदमी से त्योहारों की खुशियां छीन ली हैं।

इस अवसर पर पूर्व पार्षद हेमलता कुशवाहा, प्रमिला श्रीवास्तव, आरती बोरबन, प्रिया यादव, नारायणी कुशवाहा, हेमलता शर्मा, राजकुमारी शिवहरे, निलोफर ख़ान, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमित खत्री, दीपक दीवान, रविशंकर मिश्रा, आशीष ओझा, फ़हीम बख़्श, अमजद लाला, शानू ख़ान, अनूप पांडे की मौजूदगी रही।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews
भोपाल में महंगाई के खिलाफ महिलाओं का अनोखा प्रदर्शन, बैंक में जाकर मांगा ‘त्योहार लोन’, दिया आवेदन - MP Breaking News